अडानी समूह की शिकायत पर बरेली में खुला नकली तेल का खेल

बरेली में नामी ब्रांड के नाम पर तेल बेचने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। नरियावल क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2052 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल और फॉर्च्यून जैसी पैकिंग में तैयार टिन बरामद किए गए।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 9 May 2026, 4:54 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में नामी ब्रांड के नाम पर संदिग्ध खाद्य तेल बेचने के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। नरियावल क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में तेल और पैकिंग सामग्री बरामद की है। बताया जा रहा है कि बाजार में फॉर्च्यून ब्रांड से मिलती-जुलती पैकिंग में तेल बेचा जा रहा था जिससे ग्राहक आसानी से भ्रमित हो सकते थे।

अडानी समूह की शिकायत पर हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक अडानी समूह की लीगल टीम ने प्रशासन से शिकायत की थी कि कुछ कारोबारी फॉर्च्यून ब्रांड जैसी डिजाइन और पैकिंग का इस्तेमाल कर तेल बेच रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नरियावल स्थित बालाजी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापेमारी की।

Maharajganj News: पुरंदरपुर में दिनदहाड़े मिट्टी का अवैध खनन, नियमों को ताक पर रख चांदी काट रहे माफिया

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में तेल से भरे टिन और पैकिंग सामग्री मिली। जांच में सामने आया कि ‘राजहंस’, ‘फंक्शन’ और ‘फार्मूला’ नाम से पैकिंग की जा रही थी, जबकि इनकी डिजाइन काफी हद तक फॉर्च्यून ब्रांड से मिलती-जुलती थी। मौके से ‘सुगंध’ नाम की पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई।

2052 लीटर तेल सीज कर सैंपल जांच को भेजे गए

कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 2052 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल और 780 लीटर नेपाली तेल बरामद कर सीज कर दिया। इसके अलावा फॉर्च्यून जैसी पैकिंग में तैयार 171 टिन भी कब्जे में लिए गए। गोदाम में खड़े दो टैंकरों की भी जांच की गई।

मेरठ की ‘मुमताज’ को ऐसे हुआ जयपुर की ‘ज्योति’ से प्यार, कांड करके लड़कियां बोलीं- ये इश्क़ है साहब

खाद्य सुरक्षा विभाग ने तेल के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि तेल नकली था या गुणवत्ता मानकों के विपरीत तैयार किया गया था।

कॉपीराइट उल्लंघन समेत कई धाराओं में हो सकती है कार्रवाई

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिला। अधिकारियों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में रात करीब 11 बजे उसके प्रतिनिधि की मौजूदगी में सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि कंपनी की शिकायत के आधार पर जांच की गई है। वहीं अडानी समूह की ओर से बिथरी चैनपुर थाने में कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि यदि जांच में मिलावट या फर्जी ब्रांडिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम और अन्य कानूनी धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  9 May 2026, 4:51 PM IST

Advertisement