हिंदी
हत्या की साजिश में तीन आरोपी गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के चर्चित प्रेम सागर यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि पुरानी दुश्मनी के चलते पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा थी। आरोपियों ने प्रेम सागर को बहाने से बुलाया, शराब पिलाई और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यहां भी पढ़ें: पुरानी रंजिश में हत्या कर नदी में फेंका था शव, गोरखपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पुलिस के अनुसार हरपुर-बुदहट थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 184/2026 की विवेचना के दौरान अखिलेश यादव (20), अजीत कुमार यादव उर्फ सिंटू (40) और सुधीर यादव (21) को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी अखिलेश और अजीत की प्रेम सागर से लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। दोनों बदला लेने की योजना बना रहे थे और लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे।
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 जुलाई की शाम अखिलेश ने प्रेम सागर को गिठनी चौराहे पर बुलाया और उसे काफी मात्रा में शराब पिलाई। जब वह नशे की हालत में हो गया तो अखिलेश ने अजीत को फोन कर बुलाया। अजीत अपने साथी सुधीर के साथ चार पहिया वाहन लेकर मौके पर पहुंचा। इसके बाद तीनों आरोपियों ने प्रेम सागर को जबरन गाड़ी में बैठाया और बैजलपुर-सीउवापार मार्ग के पास एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट के बाद आरोपी गंभीर रूप से घायल प्रेम सागर को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी बैजलपुर-संतकबीरनगर मार्ग पर खुदवा नाला के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
यहां भी पढ़ें: गोरखपुर में अचानक सड़कों पर उतरे DIG-SSP, फ्लैग मार्च के पीछे क्या है वजह
पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 21 July 2026, 8:59 PM IST
Topics : GKP newse up DN news news hindi up news hindi