हिंदी
महागुन मायवुड्स सोसाइटी (Image: Pinterest)
Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहा एक परिवार पलभर में उजड़ गया। 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर 40 वर्षीय पिता और उनके 11 साल के बेटे की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी। फूल तोड़ते समय पहले बच्चा संतुलन खो बैठा और उसे बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिर गए। घटना के बाद सोसाइटी में मातम पसरा हुआ है।
यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी (गौर सिटी-2) के टॉवर-23 की है। शुक्रवार सुबह करीब 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और बेटे की जान चली गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से सोसाइटी के लोग सदमे में हैं।
मृतक रणदीप की पत्नी के मुताबिक, परिवार को शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसी वजह से रणदीप अपने बेटे आरव के साथ पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बालकनी गीली थी और वहां फिसलन बनी हुई थी। इसी दौरान फूल तोड़ते समय सीढ़ी के पास बच्चे का पैर फिसल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चा संतुलन बिगड़ने के बाद बालकनी से लटक गया। बेटे को गिरने से बचाने के लिए पिता ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस शुरुआती जानकारी और परिजनों के बयान के आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है।
Location : Greater Noida
Published : 30 October 2026, 11:57 AM IST