हिंदी
इसी महिला ने चुराया डीएलएफ मॉल से घी और तेल (Image: Dynamite News)
Noida News: नोएडा के पॉश DLF मॉल में शॉपिंग करने पहुंची एक महिला उस वक्त मुसीबत में फंस गई, जब उस पर स्टोर से सामान चोरी करने का आरोप लगा। महिला पर आरोप है कि उसने बिना पेमेंट किए घी और तेल अपने बैग में रख लिया। उसके बाद सामान लेकर मॉल से बाहर निकलने लगी, लेकिन बाहर मौजूद सिक्योरिटी टीम ने उसे रोक लिया। इसके बाद जब CCTV फुटेज खंगाली गई तो महिला के बैग में सामान रखने की पूरी घटना कैमरे में कैद मिली। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें महिला मोबाइल से अपना चेहरा छिपाती नजर आ रही है।
मामला नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र का है। सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में शाम करीब 7:30 बजे महिला अपने पति के साथ शॉपिंग करने पहुंची थी। बताया गया कि महिला डेनिम ड्रेस पहने हुए थी। दोनों एक स्टोर में गए थे। कुछ देर बाद महिला अकेले ही स्टोर से बाहर निकल गई, जबकि उसका पति अंदर सामान की बिलिंग करा रहा था। महिला के बाहर निकलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक लिया और बैग चेक कराने के लिए कहा। आरोप है कि महिला ने बैग दिखाने से इनकार कर दिया और सिक्योरिटी स्टाफ से बहस करने लगी। मामला बढ़ता देख दूसरे गार्ड और स्टोर कर्मचारी भी वहां पहुंच गए।
सिक्योरिटी और स्टोर स्टाफ ने CCTV फुटेज चेक की। फुटेज में महिला कथित तौर पर बैग में एक किलो घी का डिब्बा और एक किलो तेल की बोतल रखते हुए दिखाई दी। इसके बाद फीमेल सिक्योरिटी गार्ड महिला को वापस स्टोर के अंदर ले गई। स्टाफ ने उसके बैग से घी और तेल निकाल लिया। महिला के पति को भी अंदर बुलाया गया। वीडियो में स्टोर स्टाफ दोनों से चोरी को लेकर सवाल-जवाब करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान एक कर्मचारी ने आरोप लगाया कि दोनों पहले भी स्टोर से सामान ले जा चुके हैं।
वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए नजर आ रहा है कि दोनों लोग करीब 500 से 1000 रुपये कीमत का सामान लेकर बाहर निकल रहे थे। स्टाफ की ओर से यह भी दावा किया गया कि पहले करीब 4 हजार रुपये का घी और अन्य सामान चोरी किया जा चुका है। कर्मचारी ने इसे चोरी की चौथी घटना बताया। स्टाफ के मुताबिक, दोनों को पिछले कुछ समय में चार-पांच बार स्टोर में देखा गया था। चोरी की घटनाएं 15 अगस्त के आसपास सामने आना शुरू हुई थी, हालांकि ये घटनाएं लगातार नहीं हुई और उनके बीच अंतर रहा।
DLF चौकी इंचार्ज ने बताया कि बिना भुगतान सामान ले जाने को लेकर महिला और सिक्योरिटी टीम के बीच विवाद हुआ था। बाद में महिला ने सामान का बिल चुका दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और मामला शांत हो गया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी पक्ष ने इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
Location : Noida
Published : 5 October 2026, 7:23 PM IST
Topics : crime news DLF Mall noida news Noida police Woman Crime