Hamirpur: छानी बुजुर्ग के किसानों का टूटा सब्र, जानिए यूरिया मिलने में क्यों आ रही है इतनी परेशानी

हमीरपुर जिले के छानी बुजुर्ग स्थित वी-पैक्स समिति तक जाने वाली सड़क खराब होने और जलभराव के कारण किसानों को यूरिया खाद मिलने में परेशानी हो रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 21 July 2026, 6:39 PM IST
google-preferred

Hamirpur: हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के छानी बुजुर्ग स्थित वी-पैक्स समिति तक जाने वाली सड़क की खराब हालत और जलभराव के कारण किसानों को यूरिया खाद मिलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से नाराज किसानों और समिति प्रबंधन ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आरसीसी सड़क निर्माण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

खराब सड़क से खाद वितरण प्रभावित

किसानों का कहना है कि समिति परिसर तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह जर्जर है और बरसात के कारण वहां जलभराव हो गया है। ऐसे में यूरिया खाद लेकर आने वाले ट्रक समिति तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर खाद वितरण पर पड़ रहा है और किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिल पा रही है।

यहां भी पढ़ें: Hamirpur: पुलिस की नाकेबंदी… और स्विफ्ट कार में छुपा वो राज, जानिए कैसे पकड़े गए नशे के दो बड़े सौदागर

1500 किसान हो रहे प्रभावित

वी-पैक्स समिति प्रबंधन के अनुसार, समिति में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, लेकिन खराब सड़क के कारण उसका वितरण प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से क्षेत्र के करीब 1500 किसान प्रभावित हो रहे हैं, जिन्हें खेती के महत्वपूर्ण समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।

वैकल्पिक व्यवस्था में बढ़ा खर्च

समिति प्रबंधन ने बताया कि खाद वितरण जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी, जिससे लगभग 40 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च आया। यदि सड़क का निर्माण हो जाए तो इस तरह की समस्या से बचा जा सकता है और खाद का वितरण सुचारु रूप से हो सकेगा।

डीएम को सौंपा ज्ञापन

समिति प्रबंधकों और किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समिति परिसर तक आरसीसी सड़क बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से किसानों को समय पर खाद मिलेगी और परिवहन में आने वाली दिक्कतें भी खत्म होंगी।

यहां भी पढ़ें: Hamirpur: मौत का फंदा या सोची-समझी साजिश? जंगल में पेड़ पर झूलता मिला शव, इलाके में मची सनसनी

सीडीओ को भेजा गया मामला

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसानों और समिति के प्रतिनिधियों की मांग सुनने के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पास भेज दिया गया। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द उनकी समस्या का समाधान करेगा, जिससे खाद वितरण की व्यवस्था सामान्य हो सके।

Location :  Hamirpur

Published :  21 July 2026, 6:39 PM IST

Related News

Advertisement