हिंदी
शराबी न पुलिस वाहन का शीशा तोड़ा
Bareilly: शराब के नशे में धुत एक युवक ने पहले डायल 112 पर अपने साथ गाली-गलौज होने की झूठी सूचना देकर पुलिस को बुलाया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर युवक ने पीआरवी टीम से अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी और पुलिस वाहन पर पथराव कर उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद वह खेतों की ओर भाग निकला। सूचना पर थाना पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। मामले में थाना क्योलड़िया में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव नौगमा भगवंतपुर की है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी विवेक कुमार ने डायल 112 पर सूचना दी कि गांव का सोमपाल उसके साथ गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही पीआरवी संख्या 6855 मौके पर पहुंची। पीआरवी पर चालक धर्मेंद्र पाल के साथ पुलिसकर्मी पिंकू लाल और सचिन कुमार तैनात थे।
मौके पर पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि कॉल करने वाला युवक ही शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीणों से अभद्रता कर रहा था। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वह भड़क गया और पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी ने गुस्से में पुलिस की पीआरवी पर पत्थर फेंक दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। इसके बाद वह खेतों की ओर भाग निकला। पीआरवी टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गया।
पीआरवी टीम की सूचना पर थाना क्योलड़िया पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पीआरवी चालक धर्मेंद्र पाल की तहरीर पर थाना क्योलड़िया में आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
Location : Bareilly
Published : 3 July 2026, 5:52 AM IST