हिंदी
Balrampur: नेपाल के लुंबिनी से बौद्ध परिपथ की यात्रा पर निकलीं 56 वर्षीया श्रीलंकाई महिला श्रद्धालु कहापोला अदा रैचिगे की शनिवार को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से मौत हो गई। 46 सदस्यीय दल के साथ बौद्ध स्थलों के दर्शन पर भारत आईं कहापोला अदा रैचिगे लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही टूरिस्ट बस में सवार थीं, तभी रास्ते में उनके सीने में तीव्र दर्द उठा।
साथ मौजूद सहयात्रियों और दल की महिला स्वास्थ्यकर्मी ने तुरंत प्राथमिक उपचार व सीपीआर देकर उनकी सांसें बचाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर बस को तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्रीलंका के कालूकौला निवासी मृतका अपने पति तुसारी इनौका और अन्य साथियों के साथ भोपाल, सांची, कौशांबी, वाराणसी, गया, कुशीनगर तथा वैशाली जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ रही थीं। इस दुखद हादसे के बाद पूरे टूरिस्ट ग्रुप में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
Location : Balrampur
Published : 17 August 2026, 3:02 AM IST
No related posts found.