हिंदी
रामजानकी मार्ग पर मौत का खतरा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: रामजानकी मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद ट्रेलरों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शनिवार तड़के गोला कस्बे में तहसील तिराहे से करीब सौ मीटर पश्चिम धर्मा हॉस्पिटल के सामने बालू लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के अगले दोनों पहिए क्षतिग्रस्त हो गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था। ट्रेलर में सवार चालक और खलासी भी सुरक्षित बच गए। अन्यथा यह हादसा किसी बड़े जानलेवा दुर्घटना में तब्दील हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालू लदा ट्रेलर बड़हलगंज की तरफ से उरुवा की ओर जा रहा था। शनिवार तड़के जैसे ही वाहन गोला कस्बे में धर्मा हॉस्पिटल के सामने पहुंचा, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार ट्रेलर सीधे सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद वाहन मौके पर ही क्षतिग्रस्त होकर रुक गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
गोरखपुर में हादसों का सिलसिला जारी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
गौरतलब है कि रामजानकी मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। बीते 4 नवंबर को इसी मार्ग पर एक ही दिन में दो अलग-अलग हादसे हुए थे। दोपहर में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई थी।
वहीं, उसी दिन शाम को नगर पंचायत गोला बाजार के भीटी के पास एक अन्य ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। इसके अलावा पिछले कुछ महीनों में भी इस मार्ग पर भारी वाहनों की चपेट में आने से कई लोगों की जान जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोल टैक्स से बचने के लिए बालू और मोरंग लदे भारी ट्रेलरों का रामजानकी मार्ग पर आवागमन लगातार बढ़ रहा है। दिन हो या रात, तेज रफ्तार से दौड़ते इन वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से रामजानकी मार्ग पर ट्रेलरों की नियमित जांच, गति सीमा का सख्ती से पालन कराने तथा टोल बचाकर गुजरने वाले भारी वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि आखिर लगातार हादसों के बाद भी बेलगाम ट्रेलरों की रफ्तार पर लगाम कब लगेगी?
Location : Gorakhpur
Published : 29 November 2026, 2:01 AM IST