विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर गोरखपुर पुलिस अलर्ट, SSP ने बनाई सुरक्षा रणनीति

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। अपराधियों पर शिकंजा कसने से लेकर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मजबूत करने तक की तैयारी शुरू हो गई है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

Gorakhpur: विधानसभा चुनाव -2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित इस बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पुलिस की तैयारी शुरू (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

संवेदनशील इलाकों की होगी पहचान

27 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस को पहले से सतर्क और सक्रिय रहना होगा। इसके लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों और क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर नजर

बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, चुनाव को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, नियमित निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

“मम्मी से कहना हमें ढूंढे नहीं, हम वापस नहीं आएंगे”: गोरखपुर में भाभी को आखिरी कॉल कर गायब हुईं दो सहेलियां

समय सीमा के भीतर पूरी होंगी चुनावी तैयारियां

उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं के संकलन एवं उनके त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया। निर्देशित किया कि चुनाव से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी चुनावी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

गोरखपुर में दर्दनाक हादस अनियंत्रित जेसीबी की चपेट में आए दो बाइक सवार; 18 वर्षीय साहिल की हालत गंभीर

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 November 2026, 1:58 AM IST

Advertisement