हिंदी
एक्ट्रेस युक्ति कपूर (Image: Instagram)
Mumbai: पर्दे पर अपने दमदार किरदारों से दर्शकों का दिल जीतने वाली टीवी एक्ट्रेस युक्ति कपूर असल जिंदगी में एक बेहद मुश्किल दौर से गुजर चुकी हैं। 'बालिका वधू' और 'मैडम सर' जैसे हिट टीवी शोज का हिस्सा रहीं 34 वर्षीय युक्ति कपूर फिलहाल सिंगल हैं। हाल ही में उन्होंने अपने पुराने रिलेशनशिप को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक्ट्रेस का कहना है कि उनका पूर्व बॉयफ्रेंड इतना ज्यादा पजेसिव था कि वह उन्हें अपने दोस्तों और यहां तक कि माता-पिता से भी बात करने से रोकता था। युक्ति ने बताया कि उस रिश्ते की यादें आज भी उन्हें झकझोर देती हैं।
दरअसल, युक्ति कपूर साल 2022 में रिलेशनशिप में थीं। उन्होंने कई बार अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात भी की थी। हालांकि, समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि यह रिश्ता उनके लिए सही नहीं था।

शुभोजीत घोष के पॉडकास्ट में युक्ति ने बताया कि उनका पूर्व बॉयफ्रेंड उन्हें लेकर हद से ज्यादा पजेसिव हो गया था। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनके पार्टनर के अंदर काफी गुस्सा था। युक्ति को लगता था कि शायद वह बचपन के किसी बुरे अनुभव से जूझ रहा था। एक्ट्रेस ने कहा कि उसके व्यवहार ने उनकी जिंदगी नर्क बना दी थी।
युक्ति कपूर ने बताया कि उनका पूर्व बॉयफ्रेंड शायद उन्हें सभी लोगों से दूर करके सिर्फ अपने पास रखना चाहता था। वह खुद किसी से मिले या बात करे तो उसे कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन युक्ति के किसी से मिलने या बात करने पर वह आपत्ति जताता था।
एक्ट्रेस के मुताबिक, उनका पार्टनर इस बात पर भी सवाल उठाता था कि कोई लड़का उन्हें मैसेज क्यों कर रहा है। इतना ही नहीं, वह उन्हें दोस्तों और माता-पिता से बात करने से भी रोकता था।
एक्ट्रेस युक्ति कपूर (Image: Instagram)
युक्ति ने बताया कि वह अपने माता-पिता के बेहद करीब हैं। उनसे दिनभर बातचीत करती हैं और जिंदगी की छोटी-छोटी बातें भी शेयर करती हैं। माता-पिता के बिना वह अपनी जिंदगी अधूरी मानती हैं।
युक्ति कपूर ने बताया कि शुरुआत में प्यार के चलते वह अपने पार्टनर के व्यवहार की गंभीरता को समझ नहीं पाई थीं। उनके माता-पिता ने भी उन्हें इस रिश्ते को लेकर चेतावनी दी थी।
एक्ट्रेस को उस समय लगता था कि उनका पार्टनर अच्छा इंसान है, क्योंकि वह उन्हें डेट पर लेकर जाता था और उनका ख्याल भी रखता था। हालांकि, बाद में उन्हें एहसास हुआ कि रिश्ते में संतुलन नहीं था। आखिरकार उन्होंने ब्रेकअप करने का फैसला लिया और उस मुश्किल रिश्ते से बाहर निकल आईं। बता दें कि युक्ति कपूर का नाम अभिनेता रोहन मेहरा और बिजनेसमैन करण डंडीर के साथ भी जुड़ चुका है।
Location : Mumbai
Published : 25 November 2026, 5:50 PM IST