हिंदी
बैंकॉक से गोरखपुर पहुंचा तस्करी का सोना (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur: बैंकॉक से सोने की तस्करी कर गोरखपुर में खपाने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 960 ग्राम वजन की सोने की दो चेन और एक कड़ा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तस्करी के सोने को बेचने की तैयारी की थी। मामले में छह अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष शुक्ला पुत्र कमलाकांत शुक्ला निवासी झरकटा, थाना गोला और सुनील मिश्रा पुत्र जगदीश मिश्रा निवासी बड़गो हाटा बाजार, थाना गगहा के रूप में हुई है। दोनों को थाना कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कौव्वाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 22 नवंबर को आशुतोष शुक्ला ने सोने की दो चेन और एक कड़ा लेकर आते समय लूट होने की झूठी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि आशुतोष अपने सहयोगी सुनील मिश्रा के साथ बरामद सोने को बेचने के लिए घंटाघर स्थित सोना मंडी जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कौव्वाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
ये भी पढ़ें: Police Transfer: गोरखपुर में 200 से अधिक दारोगाओं के तबादले, कई थानों में बदली तैनाती
तलाशी के दौरान आशुतोष के पास से सोने की दो चेन और एक लाख रुपये नकद, जबकि सुनील के कब्जे से सोने का एक कड़ा और एक लाख रुपये नकद बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी सूचना देने और बरामद सोने के तस्करी का होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 643/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 217, 318(4) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया है।
सोने की तस्करी का खुलासा (Image Source: Dynamite News)
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मामले में कृष्णकांत निवासी मऊखुर्द, थाना बांसगांव, चंदन तिवारी निवासी छपिया, थाना बड़हलगंज, दीपक तिवारी, आयुष उर्फ निखिल, प्रियांशु त्रिपाठी और हिमांशु त्रिपाठी की तलाश की जा रही है। पुलिस इनके नेटवर्क और सोने की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आशुतोष शुक्ला के खिलाफ वर्ष 2017 में गोला थाने में मारपीट, बलवा और अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है। वहीं सुनील मिश्रा का आपराधिक इतिहास जारी प्रेस नोट में वर्तमान मुकदमे तक ही दर्ज है।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर: संग्रामपुर उनवल को मिलेगा बड़ा तोहफा? अध्यक्ष महेश दुबे ने मंत्री ए.के. शर्मा से मिलकर रख दीं बड़ी मांगें
कार्रवाई में रेलवे चौकी प्रभारी रवि प्रकाश कुँवर, कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी घनश्याम उपाध्याय, ईस्ट कॉलेज चौकी प्रभारी नवीन राय, उपनिरीक्षक अंकित उपाध्याय तथा एसओजी के उपनिरीक्षक आशुतोष राय समेत कैंट पुलिस और एसओजी के जवान शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 25 November 2026, 5:56 PM IST