जमीन और पैसों के विवाद में हत्या का था आरोपी, अब कोर्ट के बाहर हुआ कत्ल, क्या पुरानी रंजिश है वजह?

महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार दोपहर अदालत के बाहर मंदार मारुति किवले की धारदार हथियार से हमला करने और गोली मारने के बाद हत्या कर दी गई। मंदार खुद हत्या के एक मामले में आरोपी था और चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 November 2026, 5:07 PM IST
google-preferred
Pune: चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया युवक कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा था, लेकिन कोर्ट के बाहर ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए और फिर गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से महाराष्ट्र के पुणे में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है, जो खुद हत्या के एक मामले में आरोपी था। इस खौफनाक वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।

कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े युवक की हत्या

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मंदार मारुति किवले कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में पुणे की एक अदालत में पहुंचा था। इसी दौरान अदालत के बाहर हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले धारदार हथियार से उस पर कई वार किए और फिर गोली मार दी।

वारदात के बाद जांच करने पहुंचे अफसर (Image: X)

वारदात के बाद जांच करने पहुंचे अफसर (Image: X)

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मंदार मारुति किवले फुटपाथ पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दो हमलावर उस पर लगातार धारदार हथियार से वार करते नजर आ रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े अदालत के बाहर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हत्या के मामले में आरोपी था मंदार किवले

पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मृतक मंदार मारुति किवले खुद हत्या के एक मामले में आरोपी था। पिछले साल 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम सुभाष चव्हाण नाम के युवक की हत्या हुई थी।

इसी हत्याकांड के मामले में मंदार मारुति किवले जेल में बंद था। वह वारदात से महज चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा, जहां हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी।

हालांकि, मंदार की हत्या का संबंध पुराने हत्याकांड से है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

CCTV और वायरल वीडियो से हमलावरों की तलाश

वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।

हमलावर कौन थे और उन्होंने मंदार मारुति किवले को निशाना क्यों बनाया, इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य विवाद, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Location :  Pune

Published :  25 November 2026, 5:07 PM IST

Advertisement