क्या चश्मदीद से खुलेगा केतन की मौत का राज? पहले पैर पर मारी लात, फिर चट्टान से दिया धक्का; गवाह ने बताई आंखों देखी

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक कथित चश्मदीद गवाह का बयान जांच में अहम कड़ी बनकर सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गवाह ने आरोपी चेतन चौधरी को केतन को लोहागढ़ किले की चट्टान से धक्का देते हुए देखने का दावा किया है। जांच में 12 TB डिजिटल डेटा और 5,053 पन्नों की चार्जशीट भी अहम है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 September 2026, 1:36 PM IST
google-preferred

Pune: रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। अब एक कथित चश्मदीद गवाह का बयान जांच में महत्वपूर्ण कड़ी बनकर सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गवाह ने दावा किया है कि उसने केतन को लोहागढ़ किले की चट्टान से नीचे धक्का दिए जाते हुए देखा था। गवाह ने इस मामले में आरोपी चेतन चौधरी की पहचान भी की है। गवाह की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है।

दोस्त के परिवार के साथ लोहागढ़ गया था गवाह

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गवाह अपने दोस्त के परिवार के साथ लोहागढ़ किले घूमने गया था। किले की सीढ़ियां चढ़ते समय उसने कथित तौर पर केतन और उसकी मंगेतर सिया गोयल को एक साथ जाते हुए देखा। आरोप है कि चेतन चौधरी उनके पीछे चल रहा था। गवाह के मुताबिक, चेतन ने हुडी पहन रखी थी। इसी वजह से उसका चेहरा और हुलिया उसे याद रह गया। गवाह ने कथित तौर पर चेतन से यह भी पूछा था कि गर्मी के मौसम में उसने हुडी क्यों पहन रखी है। इस मुलाकात को जांच में अहम माना जा रहा है, क्योंकि बाद में इसी हुलिए के आधार पर गवाह ने आरोपी की पहचान किए जाने का दावा किया।

मंदिर के पास बैठा था चेतन

बताया गया है कि किले पर पहुंचने के बाद चेतन कुछ देर मंदिर के पास बैठा था। इसके बाद जब केतन और सिया आगे बढ़े तो वह भी कथित तौर पर उनके पीछे चल पड़ा। इसी दौरान गवाह कुछ देर के लिए वहां से हट गया। गवाह ने पुलिस को दिए कथित बयान में बताया कि उसे पेट में ऐंठन महसूस हो रही थी, इसलिए वह कुछ समय के लिए वहां से अलग हो गया था। हालांकि, वापस लौटने के बाद उसने कथित तौर पर ऐसी घटना देखी, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

केतन अग्रवाल मर्डर केस: ‘दुखी कैसे दिखें’ से लेकर हत्या के तरीके तक, चार्जशीट में सिया की ऑनलाइन सर्च का दावा

चट्टान की तरफ धक्का देने का दावा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गवाह ने अपने बयान में दावा किया कि वापस लौटने के दौरान उसने सिया को चेतन की ओर इशारा करते हुए देखा। इसके बाद सिया कथित तौर पर नीचे बैठी और केतन के पैर पर लात मारी। गवाह के मुताबिक, इसके तुरंत बाद चेतन पीछे से केतन की ओर दौड़ा और उसे चट्टान की दिशा में धक्का दे दिया। इसके बाद केतन नीचे गिर गया। हालांकि, इस घटनाक्रम से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

घटना देखने के बाद गवाह को भी धमकी?

गवाह ने पुलिस को बताया कि उसने कथित घटना के बाद चेतन से इस बारे में सीधे सवाल किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस सवाल से चेतन नाराज हो गया और उसने गवाह को चुप रहने की चेतावनी दी। आरोप है कि उसे भी किले से नीचे फेंकने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि डर की वजह से गवाह ने उस समय अपने दोस्त या उसके परिवार को घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। घर लौटने के बाद उसकी तबीयत भी खराब हुई और उसे बुखार तथा शरीर में दर्द महसूस हुआ।

हुडी बनी जांच की अहम कड़ी

इस मामले की जांच में चेतन की हुडी का भी जिक्र सामने आया है। गवाह के मुताबिक, उसने घटना से पहले चेतन को हुडी में देखा था और गर्मी में हुडी पहनने को लेकर उससे सवाल भी किया था। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एक अन्य गवाह ने भी लोहागढ़ की ट्रेकिंग के दौरान चेतन से मुलाकात होने की बात कही है। उसने भी कथित तौर पर हुडी को लेकर उससे सवाल किया था। हालांकि, इन बयानों की जांच पुलिस द्वारा अन्य उपलब्ध सबूतों के साथ की जा रही है।

“मैं सिया की खास सहेली माही हूं”, एक मैसेज ने खोला केतन हत्याकांड का राज, 5053 पन्नों की चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे

12 TB डिजिटल डेटा की जांच

केतन की मौत के मामले में पुलिस केवल गवाहों के बयानों पर निर्भर नहीं है। जांचकर्ताओं ने बड़ी मात्रा में डिजिटल सबूतों की भी जांच की है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने करीब 12 टेराबाइट तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया है। इसमें छह मोबाइल फोन, नौ पेन ड्राइव, बैकअप, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी शामिल होने की बात कही गई है। जांचकर्ता कथित तौर पर फॉरेंसिक प्रक्रिया के जरिए रिकवर किए गए डिलीटेड चैट और दूसरे डिजिटल डेटा की भी जांच कर रहे हैं।

5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल

इस मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने इसी महीने की शुरुआत में करीब 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। शुरुआती तौर पर केतन की मौत को लोहागढ़ किले से गिरने की घटना माना जा रहा था। बाद में पुलिस ने दावा किया कि उसकी मौत कथित तौर पर एक साजिश के तहत की गई हत्या थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश से जुड़े आरोप हैं। तीसरे आरोपी के तौर पर रितेश हांगे को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान चेतन के दोस्त के रूप में बताई गई है।

Location :  Pune

Published :  28 September 2026, 1:36 PM IST

Advertisement