हिंदी
बलिया के मेले में लाखों की भैंस का जलवा (Image: Dynamite News)
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम में पशुओं की खरीद-बिक्री के बीच मुर्रा नस्ल की यह भैंस लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस भैंस के मालिक श्रीरामपुर सवरू बांध निवासी दयाशंकर यादव हैं।
दयाशंकर यादव अपनी भैंस को बिक्री के लिए ददरी मेले में लेकर आए हैं। उन्होंने इसकी कीमत 5 लाख 55 हजार रुपये तय की है। भैंस की नस्ल, दूध देने की क्षमता और कीमत को लेकर मेले में खूब चर्चा हो रही है। पशुओं की खरीद-बिक्री के बीच इस भैंस की अलग पहचान बन गई है।
बलिया के मेले में लाखों की भैंस का जलवा (IMG: Dynamite News)
पशुपालक दयाशंकर यादव के मुताबिक, उनकी भैंस सुबह और शाम दोनों समय मिलाकर करीब 22 लीटर दूध देती है। इसकी दूध उत्पादन क्षमता ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। दूध उत्पादन के मामले में यह भैंस पुरस्कार भी हासिल कर चुकी है।
सुधा दूध की ओर से 17.250 लीटर दूध देने पर पशुपालक को प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। दयाशंकर यादव की भैंस की कीमत के साथ-साथ उसकी दूध उत्पादन क्षमता और पुरस्कार की उपलब्धि भी पशु प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस भैंस से जुड़ी एक और दिलचस्प बात है। पशुपालक के मुताबिक, उनकी भैंस दूसरी बार गर्भवती है। इससे पहले जन्मे पड़वे का नाम उन्होंने कट्टप्पा रखा है। यह अनोखा नाम भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है।
वहीं, दयाशंकर यादव अपनी भैंस की तय कीमत को लेकर स्पष्ट हैं। उनका कहना है कि यदि कोई खरीदार 5 लाख 55 हजार रुपये देता है, तभी वह अपनी भैंस बेचेंगे। तय कीमत नहीं मिलने पर वह इसे वापस घर ले जाएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि ददरी मेले में इस खास भैंस को कोई खरीदार मिलता है या फिर पशुपालक इसे अपने साथ वापस लेकर जाते हैं।
Location : Ballia
Published : 25 November 2026, 3:37 PM IST
Topics : Ballia News buffalo Cattle Fair UP News Viral News