UP Election 2027: न नाम लिया, न खुलकर कुछ कहा; इमरान प्रतापगढ़ी की शायरी ने बढ़ाई सियासी सस्पेंस

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज है। इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सोशल मीडिया पर एक शायरी साझा की है। उनकी पोस्ट को लेकर अलग-अलग सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 November 2026, 3:25 PM IST
google-preferred

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने के बाद समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।

इनमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नजर थी। सपा के इस फैसले पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। इस बीच कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सोशल मीडिया पर एक शायरी साझा की है। उनकी इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर उनके निशाने पर कौन है?

सपा के फैसले पर इमरान मसूद ने जताई नाराजगी

समाजवादी पार्टी ने मंगलवार सुबह कांग्रेस को गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद सपा ने प्रदेश की पांच विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। इनमें सहारनपुर की दो विधानसभा सीटें भी शामिल हैं।

सपा के इस फैसले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अखिलेश यादव इमरान मसूद से लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या बीजेपी से लड़ना चाहते हैं।

इमरान मसूद की इस प्रतिक्रिया के बीच अब कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है।

इमरान प्रतापगढ़ी की शायरी के निशाने पर कौन?

इमरान प्रतापगढ़ी ने अपने एक्स हैंडल पर नवाज देवबंदी की शायरी साझा करते हुए लिखा, 'ऐसी वैसी बातों से तो अच्छा है खामोश रहो, या फिर ऐसी बात कहो जो खामोशी से अच्छी हो।'

हालांकि, इमरान प्रतापगढ़ी ने अपनी पोस्ट में किसी नेता या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनकी शायरी के अलग-अलग सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे इमरान मसूद की बयानबाजी पर तंज के तौर पर देख रहे हैं। कुछ यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि इमरान ने इमरान को जवाब दिया है।

वहीं, कुछ लोग इसे सीट बंटवारे को लेकर सपा नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों से जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल, सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पास न तो मजबूत उम्मीदवार हैं और न ही पर्याप्त जनसमर्थन। ऐसे में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव स्वीकार कर लेना चाहिए।

रामगोपाल यादव ने बताया 26 सीटों का पूरा गणित

इससे पहले मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और गठबंधन के लिए गठित कमेटी के अध्यक्ष रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने के पीछे की वजह बताई थी।

उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को काफी सोच-विचार के बाद 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। इनमें वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीती हुई दो सीटें और चार ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।

इसके अलावा 20 ऐसी सीटें भी प्रस्तावित की गई हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को कांग्रेस से अधिक वोट मिले थे।

फिलहाल दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है। वहीं, इमरान प्रतापगढ़ी ने अपनी शायरी किस संदर्भ में साझा की है, इसे लेकर भी उनकी ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

Location :  Lucknow

Published :  25 November 2026, 3:25 PM IST

Advertisement