UP Election 2027: हर जिले का अलग घोषणापत्र, लखनऊ के लिए विशेष प्लान; संविधान दिवस पर सपा करेगी ऐलान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। सपा तीन अलग-अलग श्रेणियों में घोषणापत्र पेश करेगी। महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार और विद्यार्थियों को मुफ्त मेट्रो यात्रा जैसे वादे इसमें शामिल किए जाने की संभावना जताई गई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 November 2026, 2:51 PM IST
google-preferred

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अब अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। सपा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' जारी करेगी।

गुरुवार को दोपहर तीन बजे लखनऊ के सेंटरम होटल में इसका आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खान भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि सपा इस बार तीन अलग-अलग श्रेणियों में घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों, विद्यार्थियों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

तीन अलग-अलग श्रेणियों में जारी होगा सपा का घोषणापत्र

समाजवादी पार्टी इस बार प्रदेश के साथ-साथ जिला स्तर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। राज्य स्तरीय घोषणापत्र में पूरे उत्तर प्रदेश के विकास की रूपरेखा और बड़े चुनावी वादे शामिल होंगे।

इसके अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र जारी किए जाएंगे। इनमें संबंधित जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास और लोगों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राजधानी लखनऊ के लिए भी एक विशेष घोषणापत्र जारी किया जाएगा।

सपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र को 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। इसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।

महिलाओं को 40 हजार की पेंशन और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का हो सकता है वादा

समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है। महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन देने और स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का वादा किया जा सकता है।

इसके अलावा घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों को बिना कार्ड के मुफ्त इलाज की सुविधा देने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल हो सकता है।

युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की घोषणा भी संभावित चुनावी वादों में शामिल है। इसके साथ ही यश भारती सम्मान की दोबारा शुरुआत करने और सम्मान राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का वादा किया जा सकता है।

लखनऊ के विद्यार्थियों को मुफ्त मेट्रो यात्रा की मिल सकती है सौगात

राजधानी लखनऊ के लिए समाजवादी पार्टी के विशेष घोषणापत्र में शहरी विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। इसमें शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने, नए फ्लाईओवर बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने और शिक्षा से जुड़े वादे शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा लखनऊ में छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का वादा भी किया जा सकता है।

संविधान दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में सपा के संस्थापक सदस्य आजम खान की मौजूदगी भी रहेगी। हालांकि, घोषणापत्र में कौन-कौन से वादे शामिल होंगे और उन्हें लागू करने की क्या रूपरेखा होगी, इसकी पूरी तस्वीर 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Location :  Lucknow

Published :  25 November 2026, 2:51 PM IST

Advertisement