हिंदी
NIA ने किया आपराधिक नेटवर्क का खुलासा (Image: Dynamite News)
एनआईए के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने सम्मेलन के बाद बताया कि विदेशों में बैठे अपराधी भारतीय जेलों का इस्तेमाल अपने आपराधिक नेटवर्क को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे हैं।
एनआईए ने इस खतरे को लेकर राज्यों को सतर्क करते हुए जेलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है। एजेंसी का मानना है कि जमानत पर बाहर आने वाले अपराधियों पर भी नजर रखना जरूरी है, क्योंकि वे दोबारा अपने आपराधिक नेटवर्क को सक्रिय कर सकते हैं।
एनआईए प्रमुख के मुताबिक, इस आपराधिक गठजोड़ को तोड़ने के लिए कैदियों तक मोबाइल फोन की पहुंच रोकना बेहद जरूरी है। जेलों में तैनात कुछ कर्मचारियों, अस्थायी कर्मचारियों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
NIA ने किया आपराधिक नेटवर्क का खुलासा (Image: Dynamite News)
जेलों में जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान पहुंचने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप, फर्जी सिम, सोशल मीडिया, हवाला और नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर भी सख्ती की जरूरत बताई गई है।
चार साल पहले गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति की 242वीं रिपोर्ट में भी ऐसी आशंकाएं जताई गई थीं। समिति ने जेलों में जैमर, मेटल डिटेक्टर, स्कैनर और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव दिया था। इसके अलावा कर्मचारियों के नियमित तबादले और कैदियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराने की सिफारिश भी की गई थी।
वर्ष 2023 में एनआईए ने खालिस्तानी विचारधारा के समर्थकों, आतंकियों, नशे के तस्करों और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगियों के ठिकानों पर देशभर में छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में अमेरिका, मलेशिया, पाकिस्तान, फिलीपीन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में बैठे अपराधियों के भारतीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई थी। इनके संपर्क भारतीय जेलों में बंद कैदियों से भी पाए गए थे। ऐसे में जेलों के भीतर सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और विदेशी गैंगस्टरों के बीच संपर्क तोड़ना सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Location : New Delhi
Published : 25 November 2026, 2:42 PM IST