Varsha Turkar Murder Case: पति के अफेयर का शक, 13 लाख की सुपारी और GPS ट्रैकर, एयरलाइंस कर्मचारी की हत्या का खुलासा

महाराष्ट्र के गोंदिया में एयरलाइंस कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति के कथित अफेयर से परेशान मोना अग्रवाल ने 13 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और जीपीएस डेटा की मदद से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 November 2026, 2:23 PM IST
google-preferred

Maharashtra News: पति के साथ दूसरी महिला के संबंधों का शक, 13 लाख रुपये की सुपारी और फिर हत्या की साजिश। महाराष्ट्र के गोंदिया में एयरलाइंस कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, पति के कथित अफेयर से परेशान मोना अग्रवाल ने वर्षा की हत्या की साजिश रची थी। इस वारदात में जीपीएस तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और जीपीएस डेटा की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिवाली की छुट्टियों में मायके आई थीं वर्षा

मध्य प्रदेश के बालाघाट की रहने वाली वर्षा तुरकर पुणे में एक एयरलाइंस कंपनी में कार्यरत थीं। दिवाली की छुट्टियों में वह अपने मायके आई हुई थीं। 14 नवंबर को वर्षा अपने परिचित अग्रवाल के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि मोना अग्रवाल को अपने पति और वर्षा के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते मोना ने कथित तौर पर वर्षा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने अपने पड़ोसी की मदद ली और हत्या के लिए लाखों रुपये की सुपारी देने का आरोप है।

Maharashtra News

एयर होस्टेस वर्षा तुरकर (image: X)

13 लाख रुपये में दी हत्या की सुपारी

पुलिस के मुताबिक, मोना अग्रवाल ने अपने पड़ोसी कुणाल श्यामलाल कुंभलकर के जरिए गोंदिया के रहने वाले शाहरुख खान फिरोज खान पठान को वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। आरोप है कि शाहरुख ने इस साजिश में इमरान शेख, नलन उर्फ नायला शेख और कृष रावत को भी शामिल किया।

जांच में यह भी सामने आया कि जिस कार में वर्षा अपने परिचित के साथ सफर कर रही थीं, वह मोना अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत थी। कार में लगे जीपीएस सिस्टम का कथित तौर पर हत्या की साजिश में इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, गोंदिया के बोंदरानी इलाके के जंगल में वर्षा पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।

200 CCTV कैमरों की फुटेज से खुला राज

हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वारदात की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही जीपीएस डेटा की भी जांच की गई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या की कथित साजिश और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ने के साथ ही पति के कथित प्रेम संबंधों के शक में हत्या करवाने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।

Location :  Maharashtra

Published :  25 November 2026, 2:23 PM IST

Advertisement