देवरिया में एक ऑफिस, 73 पासपोर्ट और विदेश में नौकरी का सपना! पुलिस की छापेमारी में चौंकाने वाला खुलासा

देवरिया में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। कोतवाली पुलिस ने 73 पासपोर्ट और गैर-GHC मेडिकल रसीदों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बिना वैध लाइसेंस के कार्यालय चलाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 November 2026, 7:19 PM IST
google-preferred

Deoria: विदेश में नौकरी पाने का सपना दिखाकर लोगों के पासपोर्ट और दस्तावेज जुटाने वाले कथित नेटवर्क का देवरिया में खुलासा हुआ है। कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह बिना वैध लाइसेंस के विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कार्यालय चला रहा था। पुलिस की छापेमारी में 73 पासपोर्ट और गैर-GHC मेडिकल रसीदें बरामद हुई हैं। इतनी बड़ी संख्या में पासपोर्ट मिलने के बाद पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों को निशाना बनाया गया और इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल है।

नौकरी का झांसा देकर जुटाए जा रहे थे पासपोर्ट

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि देवरिया में अमेठी मंदिर के पास खोराराम रोड पर ओम साई टेक्निकल टेस्ट सेंटर के नाम से एक कार्यालय संचालित हो रहा है। आरोप है कि यहां विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों को बुलाया जाता था। इसके बाद उनसे पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेज लेकर रकम वसूली जाती थी।

छापेमारी में मिले 73 पासपोर्ट

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्यालय पर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने अजय प्रताप सिंह (43), पुत्र स्वर्गीय श्रीदेवी सिंह, निवासी फतेहपुर टोला गिदहा, थाना रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 73 पासपोर्ट और गैर-GHC मेडिकल रसीदें बरामद की गईं।

crime

पासपोर्ट बरामद

पुलिस के अनुसार, आवेदकों का मेडिकल परीक्षण ऐसी पैथोलॉजी से कराया जा रहा था। यह गल्फ हेल्थ काउंसिल (GHC) से अधिकृत रूप से पंजीकृत नहीं थीं।

बिना लाइसेंस चल रहा था विदेश भेजने का कार्यालय

जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस के विदेश में रोजगार दिलाने से जुड़ा कार्यालय चला रहा था। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 0830/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के साथ उत्प्रवास अधिनियम 1983 की धारा 10/24 के तहत कार्रवाई की गई है।

यूपी चुनाव: देवरिया में अहिरौली लाला, तिलौली और बंजरिया के लिए कांग्रेस का खास प्लान, बूथ रक्षकों की भी नियुक्ति

पुलिस अब खंगालेगी पूरे नेटवर्क की कड़ियां

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अफसरों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Deoria

Published :  24 November 2026, 7:19 PM IST

Advertisement