Lucknow News: पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को तीन साल की कैद, 28 साल पुराने मामले में MP-MLA कोर्ट का फैसला

लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 28 साल पुराने मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल समेत तीन लोगों को तीन-तीन साल की कैद और 36-36 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। मामला वर्ष 1998 में व्यापार कर विभाग के कार्यालय में मारपीट, तोड़फोड़ और सरकारी कामकाज में बाधा डालने से जुड़ा है। तीनों दोषियों को जेल भेजा गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 November 2026, 6:27 PM IST
google-preferred
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एमपी-एमएलए कोर्ट ने 28 साल पुराने एक मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन लोगों को तीन-तीन साल की कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार देते हुए उनकी जमानतें निरस्त कर दीं। इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। यह मामला वर्ष 1998 में व्यापार कर विभाग के कार्यालय में घुसकर सरकारी कामकाज में बाधा डालने, अधिकारियों से मारपीट और तोड़फोड़ से जुड़ा है।

250 लोगों के साथ सरकारी कार्यालय में घुसने का था आरोप

जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 1998 को व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों समेत करीब 250 लोगों के साथ कार्यालय में घुस आए थे।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों के पास लाठी-डंडे और असलहे थे। कार्यालय में घुसने के बाद गाली-गलौज और धमकी देते हुए सरकारी कामकाज में बाधा डाली गई थी। विरोध करने पर अधिकारियों के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया था। इसके अलावा सरकारी वाहनों और भवन में तोड़फोड़ करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

नौ गवाह और पांच अभिलेखीय साक्ष्य किए गए पेश

पुलिस ने जांच के बाद बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। अदालत ने 17 नवंबर 2006 को आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया था। इसके बाद मई 2019 में आरोप तय किए गए।

पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल (Image: X)

पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल (Image: X)

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से नौ गवाह और पांच अभिलेखीय साक्ष्य अदालत में पेश किए गए। विचारण के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मृत्यु हो गई थी। वहीं, अदालत ने राजेंद्र अग्रवाल को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। शेष तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए अदालत ने तीन-तीन साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई।

पहले भी सजा पा चुके हैं बनवारी लाल कंछल

बनवारी लाल कंछल इससे पहले भी कई मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। छह दिसंबर 2014 को लखनऊ कोर्ट परिसर में वकीलों के एक समूह ने उनके साथ मारपीट की थी। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए थे। वहीं, फरवरी 2023 में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने, बिक्री कर अधिकारी से मारपीट और जानमाल की धमकी देने के मामले में उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी।

उनके बेटे अमित कंछल का नाम भी विवादों में रहा है। जुलाई 2024 में बाराबंकी पुलिस ने उन्हें एक प्रॉपर्टी डीलर से 2.20 करोड़ रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अक्टूबर 2024 में लखनऊ की एक अदालत ने चेक बाउंस के मामले में अमित कंछल और उनकी पत्नी अर्पणा अग्रवाल को दो-दो साल की कैद और 24 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी।

Location :  Lucknow

Published :  24 November 2026, 6:27 PM IST

Advertisement