हिंदी
ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य (सोर्स-एक्स)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के छह नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य द्वारा जारी इस सूची में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और उप-जातियों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। देशभर से चुने गए सात राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से दो पद उत्तर प्रदेश के खाते में आए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने गैर-यादव ओबीसी जातियों के साथ-साथ यादव समाज के नेताओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व देकर एक व्यापक संदेश देने की कोशिश की है।
Agra News: कॉलेज परिसर में अचानक पार्षद के बेटे पर हुआ हमला, हालत गंभीर, शिक्षक पर लगे गंभीर आरोप
नई राष्ट्रीय टीम में पूर्वांचल से लेकर बुंदेलखंड और मध्य यूपी तक के नेताओं को समायोजित किया गया है-
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता और गाजीपुर से राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। संगम लाल गुप्ता के माध्यम से अवध और पूर्वांचल के वैश्य व तेली समाज को साधने की योजना है, जबकि डॉ संगीता बलवंत बिंद के जरिए पूर्वांचल के बिंद, निषाद और मल्लाह मतदाताओं के बीच पैठ बढ़ाने पर जोर है।
भाजपा ने खेला बड़ा ओबीसी दांव (सोर्स-Pinterest)
यादव नेतृत्व को स्थान: पार्टी ने राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राहुल यादव को नीति एवं शोध सह-संयोजक नियुक्त कर यादव समाज को भी संगठन की मुख्यधारा में प्रतिनिधित्व दिया है।
राष्ट्रीय कार्यसमिति और विशेष आमंत्रित सदस्य: मध्य यूपी और बुंदेलखंड क्षेत्र के ओबीसी मतदाताओं को जोड़ने के लिए लोधी समाज से आने वाली डॉ ऋचा राजपूत और भुवन भूषण कमल को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, एडवोकेट सीमा समृद्धि कुशवाहा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जिसका उद्देश्य शाक्य, मौर्य, सैनी और कुशवाहा समाज के बीच संगठन का विस्तार करना है।
Maharajganj: वनप्लस, आईफोन से लेकर रेडमी तक, फरेंदा पुलिस ने बरामद किए 40 मोबाइल; दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्रीय टीम की घोषणा से पूर्व अक्टूबर महीने में भी भाजपा ने प्रदेश स्तर पर संगठन को सक्रिय किया था। तब प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति से यूपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, 12 प्रदेश मंत्री और सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। वहीं दूसरी तरफ, 2027 के चुनावी संग्राम को देखते हुए विपक्षी दल भी सामाजिक न्याय और ओबीसी भागीदारी के मुद्दों को धार देकर अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हुए हैं।
Location : Lucknow
Published : 22 November 2026, 11:01 AM IST