जयंती पर विशेष संस्मरण: जिसका जलवा क़ायम है, उसका नाम मुलायम है

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और धरतीपुत्र के नाम से मशहूर मुलायम सिंह यादव की आज जयंती है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री, केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पढ़िये वरिष्ठ मीडियाकर्मी रमन हितकारी का सपा संस्थापक से जुड़ा विशेष संस्मरण।

Updated : 22 November 2026, 12:09 PM IST
google-preferred

New Delhi: जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में पी.एच.डी के दौरान ही मेरा यूपीएससी से दूरदर्शन में सेलेक्शन हो गया था और पहली पोस्टिंग लखनऊ मिली थी। लखनऊ में मैं दस साल, 1991 से लेकर 2001 के बीच रहा और इन दस वर्षों के दौरान मुलायम सिंह यादव से मेरी कई यादगार मुलाकातें रहीं। दिल्ली में पढ़ाई के दौरान ही हम साप्ताहिक हिन्दुस्तान में लिखने लगे थे और लगभग पांच वर्षों की लगातार पत्रकारिकता की वजह से मुलायम सिंह यादव के बारे में,उनकी शख़्सियत के बारे में ख़ासी मालूमात हासिल हो चुकी थी।
इसी दौरान की एक घटना है जिसका जिक्र करना चाहता हूं।

बात सितम्बर - अक्टूबर 1988 की रही होगी। दिल्ली से लखनऊ गोमती एक्सप्रेस में जनरल कोच में सफर कर रहा था। रास्ते में इटावा आया वहां ट्रेन शायद दो मिनट के लिए रुकती थी। मैं प्लेटफॉर्म पर लगे बम्बे पर पानी पीने उतरा तो ट्रेन में मेरे सामने की सीट पर अपने गोद के बच्चे को लिए एक महिला ने खिड़की से स्टील का गिलास निकाल कर हमें दिया और कहा, 'भइय्या थोड़ा पानी हमारे लिए भी ले लो!' हमने जब उसे पानी दिया तो उसने अपने छह- सात महीने के बच्चे के मुंह में गिलास लगा कर कहा, 'लो मुलेम सिंह के इलाक़े का पानी तुम भी पी लो!' हमें तब यक़ीन हो गया कि चुनावों की जीत - हार से इतर, आने वाले पचास - साठ वर्षों तक मुलायम सिंह यादव के क़द को रिप्लेस करना सूबे के किसी नेता के लिए मुमकिन नहीं होगा।

आप जानते हैं मुलायम सिंह कौन हैं?

लखनऊ दूरदर्शन हमनें 10 जून 1991 के दिन ज्वाइन किया। ऐन लोक सभा चुनावों के मतदान के बीच! कुछ ही दिनों बाद यूपी में एसेम्बली चुनाव हुए और राम मंदिर वेव में मुलायम सिंह यादव की जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार आ गई। दूरदर्शन में हमारी तैनाती न्यूज़रूम में हुई। तो उन दिनों न्यूज़ रूम में तमाम नेताओं और उनके कारिन्दों से मिलना जुलना रहता। तब दूरदर्शन ही अकेला चैनल हुआ करता था। न्यूजरूम की वर्किंग दोपहर बाद शुरू होती थी तो सुबह से हम ख़ाली रहते और नेताओं से मिलने, उनके बीच बैठने में मज़ा आता! वैसे भी नई नई नौकरी थी और आम तौर पे काम कम था तो इन नेताओं में हम मुलायम सिंह यादव के घर का भी चक्कर लगाने लगे। एकाध घंटे बैठ कर चाय पानी के बाद दफ़्तर पहुंच जाते। एक दिन हम उनके यहां कह कर भी नहीं गए तो जगजीवन का फ़ोन डायरेक्टर के लैंडलाइन पर आ गया। जब दफ़्तर पहुंचे तो डायरेक्टर विलायत जाफरी ने बुलाया! नाराज़ होकर पूछा,’आप जानते हैं मुलायम सिंह कौन हैं? अगर अपाइंटमेंट था तो समय पर क्यों नहीं पहुंचे?’ हमारा कोई अपाइंटमेंट तो था नहीं! ना ही कोई काम था! जब हमने जगजीवन को फोन लगा कर पूछा तो बोला कि,'नेता जी कह रहे थे कि रोज़ आते हैं आज क्यों नहीं आए!’ जब विलायत जाफरी को मालूम हुआ तो मुस्कुरा कर बोले, 'हितकारी साहब, अच्छे बैठक बाज लगते हैं आप!’

Mulayam singh yadav

मुलायम सिंह यादव संस्मरण (सोर्स- एक्स)

मुलायम सिंह यादव के लिए पहलवान का रोल

लखनऊ दूरदर्शन पर न्यू ईयर प्रोग्राम की बड़ी शोहरत हुआ करती थी! हमने नए साल के लिए सूबे के नामी गिरामी लोगों को लेकर एक मज़ाहिया सेगमेंट प्लान किया जिसमें उन लोगों के रिवर्स रोल को दिखाना था। यानि नारायण दत्त तिवारी अगर राजनेता ना होते तो क्रिकेटर होते, दैनिक जागरण के संपादक विनोद शुक्ल पत्रकार ना होते तो हलवाई होते, नीरा यादव ब्यूरोक्रैट ना होतीं तो टेलीफ़ोन ऑपरेटर होतीं, आई पी एस पूर्णिमा सिंह पुलिस कप्तान को फूलन देवी का रोल दिया और सबने इन्हें बड़ी ख़ुशी से, बेहतरीन अदायगी से निभाया! मुलायम सिंह यादव के लिए हमनें पहलवान का रोल रखा और उनसे जब बात करने गए तो तुरंत तैयार हो गए! बोले,’यहीं अखाड़ा खुदवाओ हम राजेन्द्र चौधरी को उठा कर दै मारेंगे! तुम सूट कर लेना!’ राजेन्द्र चौधरी उन दिनों स. पा. के युवा नेता थे। लेकिन फिल्मिंग के ऐन पहले मुलायम सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया और उनके पैर में प्लास्टर चढ़ गया!

कभी न हो सका मुलायम का वो इंटरव्यू

कुछ दिनों बाद फरवरी 1992 में हमें राम मनोहर लोहिया पर एक नेशनल डाक्यूमेंट्री बनाने को कहा गया। हमारे न्यूज़ एडिटर राम सागर शुक्ला ने कहा, 'यार मुलायम सिंह से बात कर लो। वो तुम्हें सब बता देंगे। इस सिलसिले में ही हम उनसे चार पांच बार मिले। हर बार शुरू करते, ' लोहिया समाजवादी थे। लोहिया बड़े नेता थे। हम्म उनके शिस्य थे। उनके साथ ऐसे बैठते जैसे हम्म तुम बैठे, बस!'
शुक्ला जी को जब बताया कि बात बन नहीं रही है और ऐसे तो लोहिया की एनीवर्सरी भी निकल जाएगी तो 'उन्होंने लोहिया के शिष्य ब्रज भूषण तिवारी को इंटरव्यू के लिए लखनऊ बुलवा लिया। जब मुलायम सिंह को बताया कि बृज भूषण तिवारी से बात तय हो गई तो बोले, ' ब्रज भूषण पुराने समाजवादी हैं। हमारे दोस्त हैं वो सब बता देंगे। हमने जो बताया वो सब नोट कर कार्यक्रम में डाल देना बस। इंटरवू हम भी देंगे!' मुलायम सिंह का ये इंटरव्यू कभी न हो सका। लेकिन उसके बाद जब भी हम उनसे मिले और अपना इंट्रोडक्शन इस लिहाज़ से दिया कि शायद वो भूल गए हों तो तपाक से कहते, ' हम्म जानते हैं तुम पुराने समाजवादी हो!'

साइकिल जुलूस की अगुवाई

मुलायम सिंह यादव चुनावों के पुराने अखाड़िए थे। हमनें उन्हें पैदल धोती की लांग पकड़े जुलूस में चलते भी देखा है। साईकिल चलाते हुए साइकिल जुलूस की अगुवाई करते भी और ज़मीन पर दरी पे बैठे हुए जनसभाएं करते हुए भी। उनकी एक आदत थी कि जब पैदल जुलूस निकालते या धरने पर बैठे होते तो इधर उधर लोगों को बराबर देखते रहते और हाथ का इशारा कर शामिल होने की दावत देते रहते। उन्हें इस बात से कुछ लेना देना नही होता कि कौन उनका है कौन पराया है, पत्रकार है, इलेक्ट्रानिक मीडिया से है या सरकारी नौकर या तमाशबीन!

जब लखनऊ के बेगम हजरत महल पार्क में समाजवादी पार्टी लांच हो रही थी तो हम अपने न्यूज़ एडीटर राम सागर शुक्ला के साथ मौजूद थे। मुलायम सिंह ने हम लोगों को देखा तो पीछे मुड़ कर, लगातार इशारा कर मंच पर न्योता देते रहे। वो तब तक खामोश नहीं हो गए जब तक हम लोग उन तक जाकर मिल नहीं आए! उनकी समझ में उनके इर्द गिर्द जितने भी होते सब उनके समर्थक, सब समाजवादी ही होते थे।

Mulayam singh yadav news

मुलायम सिंह यादव की शख़्सियत के दस साल (सोर्स-एक्स)

ग्रामीण परिवेश में 'वेल ड्रेस्ड' टर्म किसी राजनेता पर लागू होता है तो मुलायम सिंह यादव पर! न तो इनसे बेहतरीन धोती आज कोई और बांध सका है और ना ही उस धोती में किसी और की इतनी ठसक चाल रही ! मुलायम सिंह यादव को हमनें कभी पतलून कमीज़ या कोट पैंट पहनें नही देखा। शायद ही उन्होनें ज़िंदग़ी में कभी पहना हो! हमेशा धोती कुर्ते और बंडी में रहे। भददर जाड़े में लम्बा ऊनी मोज़ा ख़ासा ऊपर तक चढ़ा लेते और कुर्ते पर फुल स्लीव का स्वेटर और उसके ऊपर बंडी। टोपी या लाल टोपी तो शायद इलेक्शन के दौरान ही लगा लेते होंगे वरना सिर हमेशा खुला ही रखते।

एक चिठ्ठी डिसएप्रूवल

जब कभी चुनाव होते हैं तो एक लेवल प्लेयिंग के लिए एलेक्शन कमीशन सभी पुलिटिकल पार्टियों को पब्लिक ब्राडकास्टर यानि दूरदर्शन पर अपनी अपनी बात कहने का मौका देता है जिसके लिए पार्टियों को उनके वोट शेयर के लिहाज से टाईम स्लाट बांटें जाते हैं। समाजवादी पार्टी को भी पांच या छह स्लाट दिए गए। उन दिनों उत्तर प्रदेश में राम शरण दास समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष होते थे और रामगोपाल यादव शायद राष्ट्रीय महासचिव. समाजवादी पार्टी के जब सारे स्लाट्स की रिकार्डिंग हो गई तो राम गोपाल यादव ने एक युवा मुस्लिम महिला नेत्री की रिकार्डिंग को डिसएप्रूव कर दिया जिसे राम शरण दास ने भेजा था। जब हमने रामशरण दास को बताया तो वो अड़ गए। हमारे लिए दिक्कत ये थी कि किसकी मानें। एक चिठ्ठी डिसएप्रूवल की थी और दूसरी एप्रूवल की! लिहाज़ा हम मुलायम सिंह यादव के पास गए और उनसे पूछा कि क्या करें? मुलायम सिंह ने कहा, ' हम रामसरन को डाटेंगे और हम रामगोपाल को भी डाटेंगे..!'

जब हमने समझाया कि आपके डाटनें से मसला नहीं सुलझता तो बोले, 'तो जो ठीक हो तुम्म ही चिठ्ठी लिख दो हम साइन कर देंगे!' जब हमने समझाया कि आपकी चिठ्ठी हम अपनी हैण्ड राइटिंग में कैसे लिख सकते हैं तो उन्होंने तय किया कि रामशरण दास की रिकार्डिंग को ही दोबारा चलाया जाए। ये 1996 की बात है। समाजवादी पार्टी में रामगोपाल की हैसियत काफ़ी बढ़ चुकी थी। रामशरण दास प्रदेश अध्यक्ष जरूर थे लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में कोई स्थान नहीं था। उन्हें डालीबाग का एक सरकारी फ़्लैट एलॉट था। चलने के लिए पुरानी जीप जो अक्सर ख़राब रहती थी। समाजवादी पार्टी के दफ़्तर में नियम से बैठते थे। चाय पानी और ख़र्चे के लिए महीनें में दो हज़ार मिलते थे। मुलायम सिंह उनके नेता थे लेकिन मुंह पर ' मुलेम सिंह ' कह कर भी एड्रेस कर देते थे। घटना बहुत छोटी सी थी लेकिन मुलायम सिंह यादव के अपने प्रिफरेंस को बताती थी!

'मुलेम सिंह यारों का यार है'

हम करेंट अफेयर्स के प्रोड्यूसर थे और न्यूज़ से जुड़े थे तो तक़रीबन सभी पार्टियों के लीडरान से मिलना होता था समाजवादी पार्टी में रामशरण दास सबसे एक्सेसिबिल लीडर हुआ करते थे। रामशरण दास थोड़े टेम्परामेंट्ल थे। थोड़ा सिनिसिज़्म भी था। मुलायम सिंह की बातों को कभी कभी पब्लिकली डिसएफ्रूव भी करते थे लेकिन उन्होंने एक बात हमसे कई बार कही कि, ' मुलेम सिंह यारों का यार है!' भारतीय राजनीति में जो लोग मुलायम सिंह को जानते हैं वो इसकी ताईद भी जरूर करेंगे! मुलायम सिंह अपने जानने वालों की खुशी में शामिल भले ना हुए हों पर उनके दुख में हमेशा साथ रहे। ऐसे दर्जनों उदाहरण हैं जिन्हें हम पर्सनली जानते हैं। मुलायम सिंह की ये ख़ासियत उनके छोटे भाई शिवपाल ने इम्बाइब की है।

हमारे लखनऊ ईयर्स के दौरान समाजवादी पार्टी का कॉरपोटराइज़ेशन नहीं हुआ था। अमर सिंह की आमद हो चुकी थी लेकिन वो विक्रमादित्य मार्ग में पूरी तरह से नहीं धंसे थे। उन दिनों समाजवादी पार्टी के ट्रेज़रार हीरा लाल यादव हुआ करते थे। हीरालाल यादव कई बार लखनऊ एसेम्बली से दूरदर्शन न्यूज़ रूम हमारे स्कूटर की पिलियन पर बैठ कर आए और एकाध दफ़ा मुलायम सिंह के घर पर हमलोगों के बीच ज़मीन पर बैठकर दाल बाटी बनवाई। ये वो दौर हुआ करता था जब बगैर एपाइंटमेंट सीधे मुलायम सिंह से मुख़ातिब हुआ जा सकता था। बस फ़ोन उठाकर उनके पीए जगजीवन से पूछने की ज़रूरत होती थी कि, 'हैं या नहीं!'

Birth Anniversary Mulayam singh yadav

एक पत्रकार की नज़र से मुलायम सिंह यादव की शख़्सियत (सोर्स-एक्स)

1996 के एलेक्शन के दौरान दूरदर्शन के एक लाइव प्रोग्राम में मायावती और राम शरण दास में ज़बरदस्त झगड़ा हो गया। लाइव शो में मायावती और राम शरण दास के बीच ज़बरदस्त तू - तू, मै - मैं हुई! बदमज़ग़ी इतनी हो गई कि मायावती ने फोन करवा कर अपने दफ़्तर से ओबी वैन तुरंत हटाने को कहा और धमकी दी कि 'वरना बहुजन समाज आग लगा देगा'! लेकिन मुलायम सिंह ने कोई रिएक्शन नहीं दिया बल्कि इस डिस्कशन को इंजॉय किया। बाद में जब कभी भी हम उन्हें पैनल डिस्कशन के लिए इनवाइट करने के लिए गए तो हंस कर बोलते, 'अगर उधर से मायावती हैं तो हम रामसरन को ही भेजेंगे!'
उन दिनों टीवी न्यूज़ चैनल न के बराबर थे और सोशल मीडिया का तो किसी ने नाम ही नहीं सुना था। मुलायम सिंह का यकीन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से ज्यादा चुनाव क्षेत्रों में माहौल बनाने में रहता था। उनके कमज़ोर से कमज़ोर कैनडिडेट की कांस्टीटूएंसी में एक बार भ्रम हो जाता था कि कहीं जीत तो नहीं रहा है!  इतना पोस्टर - बैनर और गाजा - बाजा मौजूद रहता था।

इलेक्शन का गाना हुआ तय

एक बार हम उनके घर गए तो अंदर बैठक से ज़ोर ज़ोर से गाने की आवाज़ आ रही थी। एक गवैया खड़ा होकर ऊंची, बेसुरी आवाज़ में गा रहा था और मुलायम सिंह सोफ़े पर उंघते हुए सुन रहे थे। बार बार कह रहे थे, 'फिर से गाओ, फिर से गाओ!' पता लगा इलेक्शन का गाना तय हो रहा है। मुलायम सिंह ने कुछ सोचते हुए उसके गाने के बोल बदल दिए बोले कागज लेकर लिखो, 'जहां न जाए कोई वाहन वहां पे जाती है साईकल' और 'जाओ पड़ोसिन का समझाओ मुहर लगाएं साईकल पै'!

मुलायम सिंह के भाषण

मुलायम सिंह यादव की कई चुनावी रेलियों को हमनें देखा। उनकी रैलियों में कभी पिन ड्राप साइलेंस जैसी चीज़ नहीं देखी - सुनी जैसा अटल जी या चंद्रशेखर या हेमवती नंदन बहुगुणा की चुनावी सभाओं में हुआ करता था। मुलायम सिंह के भाषण हमेशा उनके समर्थकों के जोश ख़रोश, नारों, चिल्ला चिल्लाहट के बीच होते। वो क्या कहते। लोग क्या सुनते , कितना समझते , इसका तो कोई इल्म नहीं पर कनेक्ट ज़बरदस्त रहता। उनकी सभाओं में नौजवान भारी तादाद में रहते। दरअसल मुलायम सिंह की कंस्टीटूएंसी ही यूथ रही है वो भी अनगाइडेड, अनरूली यूथ! और लोहिया की विरासत के तौर पर वो इसी पर बैंक भी करते रहे।

दूसरी पार्टियों और नेताओं से हमेशा बेहतर संबंध

मुलायम सिंह यादव ने दूसरी पार्टियों के बड़े नेताओं से हमेशा बेहतर संबंध बनाए रखने में यक़ीन किया है। जब वो सत्ता में रहे तो हमेशा उन लोगों के काम प्राइरॉरिटी पर करवाए!
उनका मानना था कि अपने लोगों के पहले उन आम लोगों और अपोज़ीशन के लोगों क काम होना ज़रूरी है जो सत्ता में नहीं हैं!

भारतीय राजनीति में सत्ता दल हो या विपक्ष, एक्रॉस पार्टी लाइन अगर किसी नेता का वाक़ई सम्मान है तो वो मुलायम सिंह का। मुलायम सिंह भी इस बात को ज़िंदग़ी भर अपने धुर विरोधियों के लिए भी रेसीप्रोकेट करते रहे।

आज उत्तर प्रदेश का चुनाव साफ़ तौर पर भाजपा बनाम सपा में बंट चुका है। योगी और अखिलेश के बीच चुनावी जंग हाई पिच पर है। आरोप - प्रत्यारोप के बावजूद भाजपा द्वारा मुलायम सिंह पर कभी कोई पर्सनल कमेंट सुनने को नहीं मिला।

मुलायम सिंह यादव के बारे में किसी ने सही कहा कि वो अपने सर्मथकों के लिए ' इमोशंस ' थे!

Location :  New Delhi

Published :  22 November 2026, 11:50 AM IST

Advertisement