हिंदी
सोने के दाम में गिरावट (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: सोने-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल के बाद, हाल ही में आई गिरावट ने ग्राहकों खासकर शादियों की तैयारी कर रहे परिवारों को बड़ी राहत दी है। फिलहाल, सोना लगभग 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। हर दिन कीमतों में 1,000 रुपये से 2,000 रुपये की कमी आने से खरीदारों का उत्साह बढ़ गया है और सराफा बाजारों में फिर से रौनक लौट आई है।
हाल तक, आसमान छूती कीमतों के कारण कई परिवारों ने नए गहने खरीदने के बजाय अपने पुराने गहनों को पॉलिश करवाकर काम चलाने का फैसला किया था। लेकिन, कीमतों में आई मौजूदा गिरावट ने लोगों का नजरिया बदल दिया है। अब लोग शादी के सीजन की खरीदारी के लिए सीधे दुकानों का रुख कर रहे हैं, जिससे बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है।
सोने-चांदी की कीमतें उतनी ही तेजी से गिर रही हैं, जितनी तेजी से पहले बढ़ी थीं। व्यापारियों का मानना है कि अगर यही रुझान बना रहा, तो कीमतें 1.10 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकती हैं और यह भी संभव है कि ये 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच जाएं। बाजार में कमजोर मांग और नकदी की कमी के कारण कीमतों पर दबाव है और माना जा रहा है कि यह गिरावट अगले सात दिनों तक जारी रह सकती है।
सराफा बाजार में सोने-चांदी के भाव में गिरावट (सोर्स-Pinterest)
वैश्विक स्तर पर अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने का सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे इनमें भारी गिरावट आई है। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, 25 नवंबर से कीमतों में फिर से तेजी आ सकती है। ऐसे में, कीमतों में आई यह नरमी उन परिवारों के लिए एक अच्छा मौका है जो शादियों के लिए गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा, यह भी अनुमान है कि जून-जुलाई तक कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिल सकती है।
Gold Price Today: सोने का भाव और नीचे, दिल्ली-लखनऊ-जयपुर में 22 कैरेट गोल्ड 1,34,040 रुपये पर
कीमतों में लगातार गिरावट के बावजूद, ऐसे संकेत हैं कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। फिलहाल, शादी का सीजन चल रहा है और लोग कम कीमतों का फायदा उठा रहे हैं। बरेली के प्रमुख सर्राफा केंद्रों जैसे- आलमगीरगंज, साहूकारा, सिविल लाइंस और बड़ा बाजार में ग्राहकों की बढ़ती संख्या ने व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।
Location : Lucknow
Published : 22 November 2026, 9:32 AM IST