Cyber Fraud: नातिन की शादी के लिए जोड़ी रकम पर साइबर ठगों का डाका, 90 साल के बुजुर्ग के खाते से लाखों रुपये पार

कानपुर में नातिन की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर रखी रकम 90 साल के सेवानिवृत्त अधिकारी के खाते से गायब हो गई। बुजुर्ग को चार दिनों तक इसकी भनक तक नहीं लगी। बैंक में एफडी कराने पहुंचे तो खाते में बची रकम देखकर हैरान रह गए। अब पुलिस साइबर ठगी के इस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 22 November 2026, 3:54 AM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर के शारदा नगर निवासी 90 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी श्यामलाल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिए 15 लाख 88 हजार 465 रुपये 55 पैसे निकाल लिए। यह रकम उन्होंने जीवनभर की कमाई से बचाकर रखी थी। बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ इसी जमा पूंजी के सहारे बुढ़ापे का गुजारा कर रहे थे। साथ ही, इसी पैसे से उन्हें अपनी नातिन की शादी के लिए भी इंतजाम करना था।

श्यामलाल उद्योग निदेशालय में प्रशासनिक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की डीआई ऑफिस कैंपस शाखा में बचत खाता है। इसी खाते में हर महीने करीब 45 हजार रुपये पेंशन आती है। उन्होंने अपनी बचत भी इसी खाते में जमा कर रखी थी।

20 नवंबर को श्यामलाल खाते में जमा रकम की एफडी कराने बैंक पहुंचे। वहां कर्मचारियों ने बताया कि उनके खाते में केवल 41 हजार रुपये बचे हैं। यह सुनकर बुजुर्ग के होश उड़ गए। उन्हें समझ नहीं आया कि खाते में जमा लाखों रुपये आखिर कहां चले गए। उन्हें इससे पहले खाते से रकम निकलने की कोई जानकारी नहीं थी।

चार दिन में यूपीआई से निकाले गए 15.88 लाख रुपये

खाते में रकम कम होने की जानकारी मिलने के बाद श्यामलाल ने बैंक से लेनदेन का ब्योरा निकलवाया। स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि 12 से 15 अक्तूबर के बीच अज्ञात लोगों ने यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से कुल 15 लाख 88 हजार 465 रुपये 55 पैसे निकाल लिए।

Cyber Fraud: न लिंक पर क्लिक किया, न OTP दिया… फिर भी खाते से उड़ गए लाखों रुपये! जानिए क्या है जीरो क्लिक फ्रॉड

बुजुर्ग के मुताबिक, उन्होंने न तो इस तरह के किसी लेनदेन की जानकारी दी थी और न ही खाते से रकम निकालने की अनुमति दी थी। चार दिनों के भीतर खाते से इतनी बड़ी रकम निकल गई, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। नातिन की शादी के लिए उन्होंने जो पैसा लंबे समय से बचाकर रखा था, वह अचानक खाते से गायब हो चुका था।

श्यामलाल के लिए यह रकम केवल बैंक में जमा बचत नहीं थी, बल्कि उनके जीवनभर की कमाई का हिस्सा थी। हर महीने मिलने वाली पेंशन और जमा पूंजी के सहारे वह अपनी पत्नी के साथ जीवन बिता रहे थे। ऐसे में खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने पर परिवार भी परेशान हो गया।

काकादेव थाने में दी शिकायत

मामले की जानकारी मिलने के बाद 21 नवंबर को श्यामलाल अपनी नातिन और पड़ोसी के साथ बैंक पहुंचे। वहां उन्होंने अपना खाता फ्रीज कराया। इसके बाद काकादेव थाने में शिकायत देकर खाते से निकाली गई रकम वापस दिलाने और ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

क्रिकेट के मैदान के बाद अब राजनीति में नई पारी खेलेंगे युजवेंद्र चहल! भाजपा ने सौंपी राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चे में जिम्मेदारी

काकाजी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मामले में साइबर सेल की मदद ली जा रही है। साथ ही बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और खाते के ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्यामलाल के खाते से यूपीआई के जरिए इतनी बड़ी रकम किस तरह निकाली गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। बुजुर्ग ने शिकायत में रकम वापस दिलाने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही ठगी के तरीके और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Kanpur

Published :  22 November 2026, 3:54 AM IST

Advertisement