हिंदी
युजवेंद्र चहल की हुई नियुक्ति (Image Source: X)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे। भाजपा ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। शनिवार को भाजपा ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्तियों की घोषणा की।
ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं। घोषित सूची में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न राज्यों से मोर्चे के 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
चहल की नियुक्ति इस घोषणा का खास आकर्षण रही। क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने वाले चहल को अब भाजपा के ओबीसी मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन साहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद माधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Bareilly: भगवान सिंह की मौत के बाद भड़का परिवार, शव रखकर थाने के सामने धरने का ऐलान
राष्ट्रीय सचिव के पद पर गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी वरदराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
मोर्चे के संगठनात्मक कामकाज को लेकर भी कई नियुक्तियां की गई हैं। दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और दिल्ली के ही डॉ. अरुण यादव को सह-कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है। बिहार के अजय गुप्ता को मीडिया समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। इंटरनेट मीडिया के कामकाज के लिए दिल्ली के परीक्षित डागर को समन्वयक और मध्य प्रदेश के प्रदीप माहौर सोनी को सह-समन्वयक बनाया गया है।
वहीं, नीति और अनुसंधान विंग की जिम्मेदारी दिल्ली के प्रो. पंकज चौधरी को प्रमुख (समन्वयक) के रूप में सौंपी गई है। उनके साथ ओडिशा के आशुतोष बेहरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव सह-समन्वयक के तौर पर काम करेंगे।
1990 में जन्मे युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट टीम के लेग-स्पिनर हैं। वह पहले एकदिवसीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्रिकेट में पहचान बनाने से पहले चहल शतरंज खिलाड़ी भी रहे हैं।
उनके नाम टी-20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज होने का रिकॉर्ड दर्ज है। क्रिकेट में अपनी उपलब्धियों के बीच अब भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति चर्चा में है।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 12:42 AM IST