हिंदी
आगरा में आराधना मिश्रा का भाजपा पर हमला (Image Source: X)
Agra: कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा के रोहता नहर चौराहे के पास आयोजित 27 का शंखनाद कार्यक्रम में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी जैसी गलती मथुरा में मत कर देना। उनके मुताबिक, भगवान राम के नाम पर दशकों तक राजनीति और सत्ता का व्यापार करने वाली भाजपा अब सनातन धर्म की नगरी मथुरा को राजनीतिक दंगल बनाने में जुटी है।
आराधना मिश्रा ने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद भाजपा वहां चुनाव हार गई। अब मथुरा में भी इसी तरह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और जनता को भाजपा के छल से बचाने की अपील की। उन्होंने भाजपा को केवल वोट चोर ही नहीं, बल्कि चंदा चोर भी बताया। उनके अनुसार, झूठ और छल के सहारे सत्ता तक पहुंचने वाली सरकार की असलियत जनता समझ चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने आगरा की औद्योगिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि ताजमहल, पेठा और चमड़ा उद्योग इस शहर की पहचान हैं। कभी आगरा आसपास के बड़े क्षेत्र को रोजगार देने का केंद्र था, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों ने एमएसएमई क्षेत्र को कमजोर कर दिया है। उनका कहना था कि आगरा का युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों में जाने को मजबूर है।
आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो आगरा के जूता और चमड़ा उद्योग को फिर से खड़ा किया जाएगा। फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी नई जिंदगी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगरा की राजनीतिक जमीन लंबे समय से बंजर पड़ी है। वह इसमें बीज डालने आई हैं और अब संगठन के कार्यकर्ताओं को मेहनत करके फसल तैयार करनी होगी।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है। आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए किसानों को डंडा थमाने के अलावा सरकार ने कुछ नहीं किया। महंगाई और बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि वह जनता के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं।
बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है तथा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं।
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा को वोट, चंदा, सांसद और विधायक चोर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में गरीब और मजदूर के बेटे को भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मजदूरों के लिए 14 घंटे के कार्यकाल को घटाकर आठ घंटे कराया था, लेकिन भाजपा सरकार में मजदूरों के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो आगरा के चमड़ा उद्योग को मजबूती देने के साथ मजदूरों के अधिकार भी वापस दिलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी की बृज जोन प्रदेश अध्यक्ष हृदेश चौधरी, भाजपा के कृष्ण मुरारी अग्रवाल, आजाद समाज पार्टी के अटल सागर, बसपा के यशवंत भास्कर और रालोद की अनीता चाहर समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
जनसुनवाई में लापरवाही पड़ी भारी, सुल्तानपुर में तीन थाना प्रभारी लाइन हाजिर; एएसपी को सौंपी गई जांच
वहीं, कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में ही माइक को लेकर कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कहासुनी हो गई। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्षों के समर्थक भी सक्रिय हो गए। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनिल चौधरी, प्रदीप माथुर, श्याम सुंदर शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिल यादव, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, मथुरा के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, हेमंत चाहर, सत्येंद्र दुबे, अनुज शर्मा, बुरहान शमशी, सतीश सिकरवार, नम्रता दान, अश्वनी जैन, राम टंडन, अरुण शर्मा, याकूब शेख, अहमद हसन, रश्मि सिंह, गीता सिंह और प्रमोद कुमारी कुशवाह आदि मौजूद रहे।
Location : Agra
Published : 22 November 2026, 4:30 AM IST