हिंदी
मंडोली जेल में बंद रणदीप भाटी (Image: Social Media)
New Delhi: दिल्ली की मंडोली जेल में बंद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी की जान को खतरा बताया जा रहा है। जेल की सलाखों के पीछे ही उसकी हत्या की साजिश रचे जाने का खुलासा हुआ है। इस साजिश के पीछे साउथ दिल्ली के बदमाश रोहित चौधरी और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के इरफान उर्फ छेनू पहलवान का नाम सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि तीनों गैंगस्टर एक ही जेल में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, चार दिन पहले जेल प्रशासन ने कुछ फोन और नुकीले हथियार बरामद किए थे। जांच में रणदीप की हत्या की साजिश का पता चला, जिसके बाद उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब जेल के भीतर संभावित गैंगवॉर को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, रणदीप भाटी मंडोली जेल नंबर-15 में बंद है। इसी जेल में आया नगर का रहने वाला रोहित चौधरी और सीलमपुर का इरफान उर्फ छेनू पहलवान भी बंद हैं। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले रोहित और छेनू से जुड़े गुर्गों के पास से फोन और नुकीले हथियार बरामद हुए थे। इसके बाद हुई जांच में रणदीप की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
साजिश सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने रणदीप की सुरक्षा बढ़ा दी है। उसकी निगरानी के लिए हर समय दो जेल कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा रणदीप और दूसरे दोनों गैंगस्टरों के बैरक के बीच क्विक रिस्पॉन्स टीम को लगाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के रिठोरी गांव का रहने वाला रणदीप भाटी कई मामलों में जमानत हासिल कर चुका है। हालांकि, यूपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में उसे अभी जमानत नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि इस मामले में भी उसे जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ऐसे में अगले महीने तक उसके जेल से बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।
वेस्ट यूपी का कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी (Image: Social Media)
दूसरी तरफ, रोहित चौधरी और छेनू पहलवान भी अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। दोनों पर UAPA के तहत दर्ज अलग-अलग मामलों में कार्रवाई चल रही है। जेल प्रशासन अब दोनों गैंग से जुड़े सदस्यों पर भी नजर रख रहा है। तीनों गैंगस्टरों को अलग-अलग जेलों में भेजने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गैंगवार की जड़ें पुरानी हैं। रिठोरी गांव के नरेश भाटी और घघोला के सुंदर भाटी कभी दोस्त हुआ करते थे, लेकिन इलाके में वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी शुरू हो गई।
मार्च 2004 में सुंदर भाटी ने नरेश भाटी की हत्या कर दी थी। इसके बाद नरेश के भाई रणपाल ने सुंदर भाटी के भाई प्रताप की हत्या कर दी। साल 2006 में रणपाल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। इसके बाद रणदीप भाटी ने गैंग की कमान संभाल ली। इस दौरान उसे अनिल दुजाना का साथ मिला।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुंदर भाटी को साल 2015 के एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। हालांकि, वह जमानत पर बाहर है। वहीं, रणदीप भाटी को साल 2013 के हत्या के मामले में उम्रकैद हुई थी।
अब मंडोली जेल में रणदीप की हत्या की कथित साजिश सामने आने के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर है। फोन और नुकीले हथियारों की बरामदगी के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल जेल में तीनों गैंगस्टरों की गतिविधियों और उनसे जुड़े लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 12:09 PM IST
No related posts found.