हिंदी
कन्फर्म टिकट होने के बावजूद छूट गई ट्रेन (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब रेलवे की कथित लापरवाही के चलते 30 से अधिक यात्रियों की ट्रेन उनकी आंखों के सामने से निकल गई। किसी के हाथ में कन्फर्म टिकट था तो कोई परिवार और छोटे बच्चों के साथ सफर पर निकला था, लेकिन ट्रेन किस प्लेटफार्म से जाएगी, इसकी सही जानकारी ही यात्रियों को नहीं मिल सकी। देखते ही देखते यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग हंगामा करते हुए स्टेशन मास्टर के कमरे तक पहुंच गए।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह यात्रियों को रेलवे की अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। मामला 03528 नंबर की गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल एक्सप्रेस से जुड़ा है। यह ट्रेन सुबह छह बजे गोरखपुर से रवाना होनी थी। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना भी हो गई, लेकिन इस दौरान 30 से अधिक यात्री प्लेटफार्म तक नहीं पहुंच सके।
गोरखपुर में दहेज के लिए विवाहिता की मौत, पति समेत 3 गिरफ्तार; आरोपियों में एक महिला भी शामिल
ट्रेन छूटने से परेशान यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते विरोध बढ़ गया और यात्री प्रदर्शन करते हुए स्टेशन मास्टर के कमरे तक पहुंच गए। वहां काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। यात्रियों का आरोप था कि रेलवे की तरफ से ट्रेन के प्लेटफार्म की जानकारी देने में गंभीर लापरवाही बरती गई है। यात्रियों ने सवाल उठाया कि जब ट्रेन का संचालन निर्धारित समय पर किया जा रहा था तो यात्रियों को इसकी जानकारी देना भी रेलवे की जिम्मेदारी थी।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल को देवरिया स्टेशन पर रोकने की व्यवस्था की। इसके बाद गोरखपुर में छूटे यात्रियों को 15008 नंबर की कृषक एक्सप्रेस से देवरिया भेजा गया। देवरिया पहुंचने के बाद यात्रियों को कृषक एक्सप्रेस से उतरकर आसनसोल स्पेशल में बैठाया गया। इस तरह काफी मशक्कत के बाद यात्रियों की यात्रा आगे बढ़ सकी।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्पेशल ट्रेन के प्लेटफार्म की जानकारी यात्रियों तक क्यों नहीं पहुंच सकी? यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना होने को लेकर न तो समय पर उद्घोषणा की गई और न ही डिस्प्ले बोर्ड पर इसकी जानकारी दिखाई गई। वहीं, ड्यूटी पर तैनात उद्घोषक का कहना था कि उन्हें स्पेशल ट्रेन के संचालन के संबंध में कोई जानकारी ही नहीं दी गई थी।
गोरखपुर में मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन! बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत
दरअसल, छठ पर्व के बाद यात्रियों की वापसी का सिलसिला जारी है। इस दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। जिन लोगों को टिकट मिल भी जा रहा है, उन्हें सीट और ट्रेन में जगह पाने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। स्टेशन पर भीड़ के चलते धक्कामुक्की और अफरातफरी की स्थिति बनी हुई है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को यात्रियों की परेशानी सिर्फ आसनसोल स्पेशल तक सीमित नहीं रही। गोरखपुर आ रही 12556 नंबर की गोरखधाम एक्सप्रेस को भी भारी देरी का सामना करना पड़ा। मालगाड़ियों के चलते ट्रेन की रफ्तार थम गई और यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, गोरखधाम एक्सप्रेस पहले से ही करीब चार घंटे की देरी से चल रही थी। इसके बाद ट्रेन डोमिनगढ़ स्टेशन पहुंची तो वहां भी करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। मालगाड़ियों की आवाजाही के कारण ट्रेन को गोरखपुर जंक्शन तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। दूसरी तरफ गोरखपुर स्टेशन पर भी प्लेटफार्म खाली नहीं थे।
Location : Gorakhpur
Published : 22 November 2026, 11:05 AM IST