Gorakhpur Voter List: वोट डालने से पहले जरूर कर लें ये काम, मंडलायुक्त ने भी किया आवेदन

लोकतंत्र में मतदान का अधिकार तभी सुनिश्चित होता है, जब मतदाता का नाम संबंधित मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत शनिवार से जिले में विशेष मतदाता कैंपों की शुरुआत हुई।

Gorakhpur: लोकतंत्र में मतदान का अधिकार तभी सुनिश्चित होता है, जब मतदाता का नाम संबंधित मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत शनिवार से जिले में विशेष मतदाता कैंपों की शुरुआत हुई। अभियान के दौरान मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने खुद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर आम नागरिकों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बेतियाहाता स्थित मंगला देवी मंदिर परिसर में बने मतदाता बूथ पर पहुंचकर आवेदन किया और उसकी पावती प्राप्त की। साथ ही लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

मंडलायुक्त ने खुद किया आवेदन

मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए आगे आना चाहिए। जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ ही मतदाता विवरण में मौजूद त्रुटियों को ठीक कराने, पते में संशोधन कराने तथा अपात्र और मृत मतदाताओं के नाम हटवाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नागरिकों को चाहिए कि वे अपने नाम के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के मतदाता विवरण की भी जांच करें।

“शादी मेरे साथ और रूम में दूसरी लड़की” इतना बोलकर सुहागरात से पहले दुल्हन ने तोड़ी शादी, क्या सामने आएगा बेडरूम का सच?

मंडलायुक्त ने एक महत्वपूर्ण बात पर लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि नगर निगम अथवा नगर पालिका की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने मात्र से यह नहीं मान लेना चाहिए कि विधानसभा की मतदाता सूची में भी नाम शामिल है। दोनों सूचियों की प्रक्रिया अलग-अलग होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक स्वयं विधानसभा की मतदाता सूची में अपना नाम जांचे। नाम नहीं होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर उसे जुड़वाएं।

एक जनवरी को पुनरीक्षण प्रक्रिया होगी समाप्त

उन्होंने बताया कि एसएसआर की प्रक्रिया दिसंबर माह तक निर्धारित विशेष कार्य दिवसों में संचालित होगी। इसके बाद एक जनवरी को पुनरीक्षण प्रक्रिया समाप्त होगी और चार जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की, ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

एसएसआर अभियान के तहत आवेदन किया पूरा

इसी क्रम में डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा ने सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज स्थित मतदाता बूथ पर पहुंचकर एसएसआर अभियान के तहत अपना आवेदन पूरा किया। प्रशासन की ओर से लगाए गए विशेष कैंपों में नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल चुनाव के समय जागरूक होने के बजाय अभी से अपने मतदाता विवरण की जांच करें और पात्र होने पर सूची में नाम दर्ज कराएं।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 November 2026, 3:02 PM IST

Advertisement