हिंदी
दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत (Img : Dynamite News)
New Delhi: उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता तय करने वाले 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में लगातार दूसरे दिन भी बातचीत हुई। 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी। इस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है।
दिल्ली में मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की बैठक हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर विस्तार से बातचीत की गई। बैठक के बाद सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच हर एक सीट पर चर्चा हो रही है। 403 सीटें होने की वजह से बातचीत पूरी होने में समय लग रहा है, लेकिन अगली दो बैठकों में इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत बेहद सकारात्मक रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी किसी भी पार्टी ने सीटों की मांग नहीं रखी है। दोनों दल सभी सीटों के राजनीतिक समीकरण पर चर्चा कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता, तब तक बातचीत जारी रहेगी।
सपा सांसद राजीव राय ने भी बैठक को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच सीट दर सीट बातचीत हुई है। हर विधानसभा क्षेत्र को लेकर नेताओं ने अपने-अपने समीकरण और चुनावी आंकड़े सामने रखे हैं। फिलहाल इन आंकड़ों का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि गठबंधन को मजबूत बनाया जा सके।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर दूसरे दौर की बातचीत सकारात्मक रही है। काफी बड़ी संख्या में सीटों पर चर्चा हो चुकी है और हर सीट पर डेटा के आधार पर विचार किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली दो बैठकों में सीट बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय हो जाएगा और दोनों पार्टियों के बीच समझौता संपन्न हो जाएगा।
1
Location : New Delhi
Published : 24 November 2026, 6:23 PM IST