Etah News: बारात की दावत खाने गया परिवार, घर में फटा गैस सिलिंडर, 800 मीटर दूर तक पहुंचा मलबा

एटा के मिरहची क्षेत्र के खोजपुर गांव में इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद गैस सिलिंडर फट गया। धमाके से मकान की छत गिर गई और मलबा 800 मीटर दूर तक पहुंच गया। हादसे के समय परिवार बारात की दावत खाने गया था। एक बुजुर्ग महिला घायल हुईं, जबकि 70 वर्षीय मुकेश शर्मा ने आग पर काबू पाया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 November 2026, 5:26 PM IST
google-preferred

Etah News: एटा के मिरहची क्षेत्र के खोजपुर गांव में रात करीब 11 बजे एक भीषण हादसा हो गया। बिजली के इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग की चपेट में आने से गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान का मलबा 600 से 800 मीटर दूर तक जा पहुंचा। मकान की छत टूटकर गिर गई और घर में रखा सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य गांव में आई बारात की दावत खाने गए हुए थे। हालांकि, मकान के सामने लेटी पड़ोसी बुजुर्ग गीता देवी घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।

इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कई मकानों में आई दरारें

गांव निवासी धर्मवीर ने बताया कि उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर मिला था। उन्होंने इसे आपात स्थिति में खाना बनाने के लिए रखा हुआ था। रात करीब 11 बजे इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों और दहशत के कारण ग्रामीण भी आगे आने से घबरा रहे थे।

कुछ देर बाद आग की चपेट में आया गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके से धर्मवीर के मकान की छत टूटकर गिर गई और घर में रखा सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा पड़ोसी देव सिंह, मुकेश शर्मा, मनोहर सिंह और हरदेवी के मकानों में भी दरारें पड़ गई।

घर में फटा गैस सिलिंडर (Image: X)

घर में फटा गैस सिलिंडर (Image: X)

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को हुए नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी है।

बारात की दावत खाने गया था परिवार, टल गया बड़ा हादसा

धर्मवीर ने बताया कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य गांव में आई बारात की दावत खाने गए हुए थे। यदि परिवार घर में मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

धर्मवीर का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। धर्मवीर दिल्ली में मजदूरी करता है, जबकि उसकी पत्नी हरदेवी आसपास के गांवों में हाथ ठेले पर क्रॉकरी का सामान बेचकर बच्चों का पालन-पोषण करती है। दोनों ने मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह एक कमरा बनवाया था, लेकिन इस हादसे में वह भी क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

70 वर्षीय बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत, ग्रामीण कर रहे सराहना

ग्रामीणों ने बताया कि सिलिंडर फटने के बाद आसपास के कई घरों में भी आग फैल गई थी। धमाके से लोगों में इतनी दहशत थी कि कोई भी आग बुझाने के लिए आगे नहीं आ रहा था।

इसी दौरान 70 वर्षीय मुकेश शर्मा ने हिम्मत दिखाई और आसपास फैली आग को पानी और मिट्टी की मदद से बुझाया। उनके प्रयासों से आग पर काबू पाया जा सका। हादसे के बाद ग्रामीण मुकेश शर्मा के साहस और जज्बे की सराहना कर रहे हैं।

Location :  Etah

Published :  24 November 2026, 5:26 PM IST

Advertisement