हिंदी
विकास कार्यों की सुस्ती पर CDO का चढ़ा पारा (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सरकारी विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त होने और अधिकारियों की लापरवाही को लेकर अब प्रशासन सख्त हो गया है। सांसद और विधायक निधि से होने वाले कामों में देरी को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने अधिकारियों की क्लास लगा दी। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जब विभागवार कामकाज की पड़ताल हुई तो कई विभागों की लापरवाही सामने आ गई। सबसे ज्यादा नाराजगी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर देखने को मिली। वहीं, कुछ अधिकारी तो ऐसे भी निकले जो समीक्षा बैठक में बिना जरूरी फाइलों और अभिलेखों के ही पहुंच गए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने सांसद और विधायक निधि से स्वीकृत विकास परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने देखा कि कई काम निर्धारित समयसीमा के मुताबिक पूरे नहीं हो पा रहे हैं। इस पर CDO ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सांसद और विधायक निधि से होने वाले सभी विकास कार्यों को तय समय के भीतर पूरा कराया जाए।
दोस्त के घर काम करने आया था, सुबह छत पर मिला शव! गोरखपुर की इस मौत ने सबको हिला दिया
समीक्षा बैठक में सबसे खराब स्थिति विद्युत विभाग की सामने आई। बिजली से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर CDO ने कड़ी नाराजगी जताई। इस मामले में कौड़ीराम के विद्युत अधिशासी अभियंता (XEN) और यूपी सीडको के आशुतोष द्विवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। दोनों अधिकारियों से पूछा जाएगा कि उनके विभागों में निर्धारित विकास कार्यों में देरी क्यों हो रही है और अब तक अपेक्षित प्रगति क्यों नहीं हुई।
बैठक के दौरान अधिकारियों की तैयारी ने भी CDO को नाराज कर दिया। कुछ अधिकारी ऐसे पहुंचे थे, जिनके पास संबंधित परियोजनाओं की जरूरी फाइलें और अभिलेख तक मौजूद नहीं थे। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सवाल उठाया कि जब बैठक में विभागों के कामकाज और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा होनी है तो अधिकारियों को पूरी जानकारी के साथ आना चाहिए। बिना दस्तावेज और अद्यतन रिपोर्ट के बैठक में पहुंचना विभागीय कामकाज के प्रति गंभीरता की कमी को दर्शाता है।
गोरखपुर में बैंकॉक से सोने की तस्करी का खुलासा: 1.30 करोड़ का सोना बरामद, दो गिरफ्तार
समीक्षा बैठक में CDO ने विकास कार्यों को लेकर एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सांसद या विधायक निधि से कराए जाने वाले प्रत्येक विकास कार्य के पूरा होने पर संबंधित जनप्रतिनिधि के नाम का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए। इस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए कि संबंधित निर्माण कार्य किस सांसद या विधायक की निधि से कराया गया है। इससे स्थानीय लोगों को जानकारी मिल सकेगी कि उनके क्षेत्र में कौन सा विकास कार्य किस जनप्रतिनिधि की निधि से पूरा कराया गया है।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को लंबित परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि जिन कार्यों में देरी हो रही है, उसकी वजह भी स्पष्ट रूप से बताई जाए। शुक्रवार को दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें खर्च की गई धनराशि, परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति और उनके पूरा होने की समयसीमा की विस्तार से समीक्षा होगी।
Location : Gorakhpur
Published : 25 November 2026, 6:13 PM IST
Topics : CDO Abhishek Kumar Electricity department Gorakhpur News NHM Development Funds UP Government