कहीं गूंजे मंगलगीत, कहीं हुई निकाह की रस्म, 75 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मिले 29 तरह के उपहार

कासगंज के सिढ़पुरा मेला ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 75 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सात फेरों और निकाह की रस्मों के बीच नवदंपतियों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। नई गृहस्थी बसाने के लिए नवदंपतियों को 29 प्रकार की घरेलू उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 November 2026, 3:57 PM IST
google-preferred
Kasganj: कहीं वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरों की रस्म निभाई गई तो कहीं निकाह के साथ दो दिल हमेशा के लिए एक-दूसरे के हमसफर बन गए। मंगलगीतों और खुशियों के बीच 75 जोड़ों ने अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत की। यह खूबसूरत नजारा कासगंज जिले के सिढ़पुरा स्थित मेला ग्राउंड में देखने को मिला। यहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दो विकासखंडों के 75 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस खास मौके पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। नई गृहस्थी बसाने के लिए जोड़ों को 29 प्रकार की उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

एक ही परिसर में सात फेरे और निकाह की रस्म

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में विकासखंड सिढ़पुरा के 24 और गंजडुंडवारा के 51 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। गंजडुंडवारा के 51 जोड़ों में से 32 का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि 19 जोड़ों का निकाह कराया गया।

अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के बीच पूरे समारोह में खुशियों और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण कुलदीप शिशोदिया की देखरेख में संपन्न हुआ।

75 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ (Image: Dynamite News)

75 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ (Image: Dynamite News)

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

29 प्रकार के उपहारों से सजेगी नई गृहस्थी

विवाह के बाद नवदंपतियों को अपनी नई गृहस्थी बसाने में मदद मिल सके, इसके लिए दैनिक उपयोग की 29 प्रकार की उपहार सामग्री प्रदान की गई। इनमें साड़ी, चुनरी, डिनर सेट, ट्रॉली बैग, कढ़ाई, बेबी किट, गद्दा, कंबल, दीवार घड़ी और सीलिंग फैन सहित अन्य घरेलू सामान शामिल रहा।

विवाह की रस्में पूरी होने के बाद उपहार सामग्री पाकर नवदंपतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, परियोजना निदेशक प्रतिमा निवेश, खंड विकास अधिकारी कुलदीप कुशवाह एवं महेंद्र पाल और सहायक विकास अधिकारी पंचायत संतोष मौजूद रहे।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के रहे इंतजाम

समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए डॉ. पुनीता सिंह और डॉ. गौरव अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे।

इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी सहकारिता सत्यपाल सिंह, अशोक गहलोत, चंद्रशेखर पटेल, रविशंकर यादव, हरिओम प्रतिहार, अनिता निगम, कुशमलता, सत्येंद्र, प्रदीप शर्मा, अंशुमान विसारिया, बीएमएम वाल्मीकि, मुन्नालाल, अम्बेश कुमार श्रीवास्तव और रंजीत कुमार वैद्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विवाह की रस्मों के बीच परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी।

Location :  Kasganj

Published :  25 November 2026, 3:57 PM IST

Advertisement