हिंदी
मौके पर पुलिस (Img X)
कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज में मथुरा-बरेली हाईवे के किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह दौड़ने निकले युवकों ने कायमपुर-बहेड़िया के सामने सुरेंद्र के बाग के पास महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। करीब 32 वर्षीय महिला की गर्दन पर खरोंच के निशान मिले हैं।
पुलिस को आशंका है कि महिला की कहीं अन्यत्र हत्या करने के बाद शव हाईवे किनारे फेंका गया है। वहीं, महिला के हाथ में मिली बीयर की कैन से पुलिस को बदायूं जिले का अहम सुराग मिला है। फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गोरहा निवासी राज पुत्र महेंद्र अपने साथी पवन कुमार निवासी मामों और अन्य युवकों के साथ बुधवार सुबह करीब 5:45 बजे हाईवे पर दौड़ने निकले थे। इसी दौरान कायमपुर-बहेड़िया के सामने सुरेंद्र के बाग के पास उनकी नजर महिला के शव पर पड़ी। युवकों ने तत्काल डायल-112 पर इसकी सूचना दी।
सुबह 5:49 बजे पीआरवी-5759 को सूचना मिलने के बाद कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके अलावा फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस महिला की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, महिला की नाक के बाईं ओर हल्की खरोंच और गर्दन के दाहिनी तरफ नाखून से खरोंच जैसे निशान मिले हैं। इसके अलावा महिला के मुंह से गुटखे जैसा तरल पदार्थ भी निकल रहा था।
जांच के दौरान महिला के बाएं हाथ में बडवाइजर कंपनी की बीयर की कैन मिली। पुलिस ने जब कैन के बारकोड की जांच की तो पता चला कि इसे बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के शहबाजपुर स्थित ठेके से खरीदा गया था।
पुलिस अब इस सुराग के आधार पर महिला की पहचान करने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। हालांकि, महिला का बदायूं से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतका ने सफेद-काली धारियों वाला फुल बाजू का गर्म कुर्ता, काली पाजामी, डार्क ब्लू दुपट्टा और तोतई हरे-सफेद छींटदार रंग का सूट पहन रखा था। महिला के बाएं हाथ में लाल रंग का कलावा भी बंधा था, जिस पर द्वारकाधीश लिखा हुआ है।
घटनास्थल के पास पानी की एक बोतल और नीले रंग का लेडीज पर्स भी मिला है। पर्स में प्रसाद, पेन, चाबियां और मेकअप का कुछ सामान रखा हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कासगंज मोर्चरी भेज दिया है। महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी महिला की तस्वीर और हुलिया साझा किया जा रहा है।
महिला की मौत कैसे हुई और वह कासगंज तक कैसे पहुंची, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की शिनाख्त के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
Location : Kasganj
Published : 25 November 2026, 12:25 PM IST