Anant Singh:10 बीघा में पंडाल, 500 हलवाई और 140 व्यंजन; ऐसी होगी छोटे सरकार की बेटी की शादी

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह आज ऋषिकेश सिंह के साथ सात फेरे लेंगी। शादी में चार लाख लोगों के भोजन और 140 से अधिक व्यंजनों का इंतजाम किया गया है। दूल्हा 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर पहुंचेगा।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 November 2026, 11:57 AM IST
google-preferred

पटना: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह आज ऋषिकेश सिंह के साथ सात फेरे लेंगी। इस शादी के लिए बाढ़ के नदवां गांव स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर भव्य तैयारियां की गई हैं। करीब 10 बीघा जमीन में पंडाल बनाया गया है, जबकि चार लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। शादी में मेहमानों को 140 से अधिक व्यंजन परोसे जाएंगे। विवाह समारोह से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसके विजेता को अनंत सिंह महिंद्रा थार उपहार में देंगे। शादी में राजनीतिक दिग्गजों के साथ फिल्म और भोजपुरी जगत की कई हस्तियां भी शामिल होंगी।

चार लाख लोगों का भोज, 500 से अधिक हलवाई तैयारियों में जुटे

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के लिए नदवां गांव में बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। करीब 10 बीघा जमीन में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। मेहमानों के लिए 140 से अधिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। वहीं, वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से पंडाल बनाए गए हैं, जहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं।

शादी में आने वाले मेहमानों के लिए तीन दिन पहले से ही 500 से अधिक हलवाई भोजन तैयार करने में जुटे हैं। सुबह 10 बजे से भोज शुरू हो जाएगा। बारातियों के लिए भी विशेष व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।

शादी समारोह की तैयारियों की निगरानी खुद अनंत सिंह कर रहे हैं। मेहमानों के स्वागत से लेकर भोजन और विवाह की रस्मों तक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

शादी से पहले होगी घुड़दौड़, विजेता को मिलेगी महिंद्रा थार

शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। विवाह समारोह से पहले दोपहर दो बजे इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए बिहार के अलावा अन्य राज्यों से भी घुड़सवार पहुंचे हैं।

प्रतियोगिता जीतने वाले घुड़सवार को अनंत सिंह खुद सफेद रंग की महिंद्रा थार गाड़ी उपहार में देंगे। घुड़दौड़ प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद बारात के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाएंगी।

शिवांगी की बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से आएगी। दूल्हा ऋषिकेश सिंह रात आठ बजे तक 151 गाड़ियों के काफिले के साथ नदवां गांव पहुंचेंगे। बारातियों के स्वागत के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं।

जयपुर की थीम पर वरमाला का मंच, सोनू सूद और पवन सिंह भी होंगे शामिल

शादी में रात नौ बजे वरमाला का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके लिए जयपुर की थीम पर विशेष मंच तैयार किया जा रहा है। जयमाला मंच के सामने मैदान में रेस्टोरेंट की तर्ज पर व्यवस्था की गई है। वरमाला के बाद विवाह की अन्य रस्में शुरू होंगी।

अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी में राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया है। इससे पहले तिलकोत्सव में भी कई मंत्री, विधायक और सांसद शामिल हुए थे। विवाह समारोह में भी कई राजनीतिक दिग्गजों के पहुंचने की उम्मीद है।

इसके अलावा फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह और गायक गुंजन सिंह समेत कई हस्तियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है। बिहार के साथ अन्य राज्यों से भी मेहमान इस विवाह समारोह में शामिल होंगे।

Location :  Patna

Published :  25 November 2026, 11:57 AM IST

Related News

Advertisement