हिंदी
चंदौली में विधायक के काफिले में हादसा
चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली में सोमवार देर रात भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। फुटिया और जगदीशसराय के पास हुए इस हादसे में एक फॉर्च्यूनर सड़क पर पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में काफिले के कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि स्कॉर्पियो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा विधायक सुशील सिंह का काफिला सोमवार देर रात जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान जिला मुख्यालय के फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले में चल रही एक फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पहली गाड़ी को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान आगे जगदीशसराय के पास उसने काफिले में शामिल दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी। इस टक्कर में दूसरी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
इस दुर्घटना में काफिले में शामिल कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया है। उनका कहना है कि उनके काफिले को निशाना बनाकर जानबूझकर टक्कर मारी गई। दूसरी ओर, कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
Location : Chandauli
Published : 24 November 2026, 9:52 AM IST