हिंदी
अब निहारिका चौहान संभालेंगी गंजडुंडवारा नगर पालिका की जिम्मेदारी (Image Source: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में कहीं सभासदों की नाराजगी, कहीं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल तो कहीं पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें। लंबे समय से विवादों के घेरे में चल रही नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा को अब नया अधिशासी अधिकारी मिल गया है। शासन ने बुलंदशहर की नगर पालिका परिषद गुलावठी में तैनात अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान का स्थानांतरण गंजडुंडवारा कर दिया है। 23 नवंबर को जारी शासनादेश के बाद अब पालिका की कमान उनके हाथों में होगी।
अब तक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी एसडीएम मोहम्मद नासिर संभाल रहे थे। अतिरिक्त प्रभार के रूप में उनके सामने पालिका की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ लगातार सामने आ रहे विवादों और शिकायतों से निपटने की चुनौती भी रही। इस दौरान नगर पालिका से जुड़े मुद्दों को लेकर सभासदों के अनशन और अन्य पक्षों की ओर से आवाज उठती रही। लगातार खींचतान के बीच ईओ का अतिरिक्त प्रभार संभालना आसान नहीं रहा। अब नियमित अधिशासी अधिकारी की तैनाती से पालिका को प्रशासनिक स्तर पर नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है।
ये भी पढ़ें: कासगंज के लभेड़ गांव पहुंचे नौ प्रशिक्षु IAS, IPS और IRMS अधिकारी, ग्रामीण जीवन को करीब से जाना
गंजडुंडवारा नगर पालिका में पिछले कुछ समय से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बोर्ड की बैठकों को लेकर सभासदों के बीच असंतोष, प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठती शिकायतें पालिका की मुश्किलें बढ़ाती रही हैं। बोर्ड में दो धड़ों के बीच चल रही खींचतान भी चर्चा का विषय बनी हुई है। धारा 86(2) के तहत जिलाधिकारी को दिया गया सभासदों का प्रार्थना पत्र और उसके बाद भेजा गया अनुस्मारक इस अंदरूनी खींचतान को और उजागर कर चुका है। अनशन के बाद ढाई करोड़ के कुटेशन कार्यो की जांच हेतु भी कमेटी का गठन हो चुका है। जिसकी जांच पर सबकी निगाहे टिकी है।
गंजडुंडवारा नगर पालिका (Image Source: Dynamite News)
नगर पालिका के विकास कार्य भी नई ईओ के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होंगे। श्मशान भूमि के सौंदर्यीकरण में लगाए गए मार्बल पत्थरों के उखड़ने और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद जांच की मांग तेज हुई है। अन्य विकास कार्यों को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में नई अधिशासी अधिकारी के सामने पुराने मामलों की निष्पक्ष समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने की अहम जिम्मेदारी होगी।
ये भी पढ़ें: कासगंज में 5 बच्चों के अपहरण की खबर से मचा हड़कंप, कार में बैठाने के पीछे निकली चौंकाने वाली वजह
निहारिका चौहान के सामने सबसे बड़ी चुनौती पालिका की बिगड़ी हुई छवि को सुधारने के साथ सभासदों और प्रशासन के बीच भरोसे का माहौल बनाने की होगी। नगर की सफाई, पेयजल, निर्माण कार्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर प्रभावी कामकाज भी उनकी प्राथमिकता में रहेगा। अब देखना यह होगा कि नई ईओ विवादों के इस भंवर से पालिका को निकालकर विकास की पटरी पर कितनी तेजी से ला पाती हैं।
Location : Kasganj
Published : 25 November 2026, 3:26 PM IST
Topics : Executive Officer kasganj news Municipal Development Works municipal administration Niharika Chauhan