Gumla Double Murder: दो भाई, दो पत्नियां और दोहरा हत्याकांड, एंबुलेंस से जंगल ले जाकर शव दफनाने का आरोप

झारखंड के गुमला में दो भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या कर शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा के जंगल में ले जाकर दफनाने का आरोप लगा है। मृत महिलाओं की पहचान 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 November 2026, 3:56 PM IST
google-preferred

Gumla News: दो महिलाओं के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद शनिवार को खत्म हुआ तो लगा कि अब रिश्तों में आई कड़वाहट दूर हो जाएगी। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि समझौते के महज दो दिन बाद दोनों महिलाओं की जिंदगी खत्म हो जाएगी। झारखंड के गुमला में सामने आए इस दोहरे हत्याकांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है। आरोप है कि दो भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी और शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा के जंगल में ले जाकर दफना दिया। इतना ही नहीं, दोनों ने पुलिस को पत्नियों के अचानक गायब होने की बात भी बताई। हालांकि, जांच के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।

समझौते के दो दिन बाद हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव शंकर साहू और नवीन साहू के रूप में हुई है। शिव शंकर साहू पेशे से एंबुलेंस ड्राइवर है। वहीं, मृत महिलाओं की पहचान 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। शनिवार को दोनों के बीच समझौता भी हो गया था। इसके बाद दोनों महिलाओं को उनके पैतृक स्थान शमशेरा ले जाया गया। आरोप है कि सोमवार को वहीं दोनों भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी।

हालांकि, दोनों महिलाओं के बीच विवाद किस बात को लेकर था, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

सोमवार सुबह परिजनों से हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उनकी दोनों महिलाओं से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय सब कुछ सामान्य था। इसके बाद दोनों महिलाओं के अचानक गायब होने की बात सामने आई।

वारदात के बाद लगी भीड़ (Image: Dynamite News)

वारदात के बाद लगी भीड़ (Image: Dynamite News)

पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों पर हत्या के बाद शवों को ठिकाने लगाने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल करने का आरोप है। दोनों महिलाओं के शव सिमडेगा जिले के जंगल में दफनाए जाने की बात जांच में सामने आई है।

पुलिस की पूछताछ के बाद दोनों भाई गिरफ्तार

गुमला के एसपी हरिस बिन जमा ने बताया कि मंगलवार को दोनों भाइयों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उनकी पत्नियां बिना बताए कहीं चली गई हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों भाइयों से लगातार पूछताछ की।

जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब सवाल यह है कि जब दोनों महिलाओं के बीच समझौता हो चुका था, तो आखिर उनकी हत्या क्यों की गई? क्या पुराने विवाद का इस कथित हत्याकांड से कोई संबंध है? फिलहाल पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है। हत्या की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Gumla

Published :  25 November 2026, 3:56 PM IST

Advertisement