हिंदी
अमित कुमार (File Photo)
मुजफ्फरनगर: एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पांच दिन से लापता अमित कुमार का शव मीरापुर थाना क्षेत्र में भूम्मा चौकी के पास जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। जिस युवक की तलाश में परिवार दर-दर भटक रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते उनकी शिकायत पर गंभीरता दिखाई होती और युवक की तलाश के लिए प्रयास किए होते तो शायद आज अमित उनके बीच होता। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अमित कुमार मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के रावटी गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, वह 19 तारीख को लेटर का सरिया लेने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
मृतक के भाई ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसने बताया कि परिवार पहले बहसूमा थाने पहुंचा। जहां से उन्हें खतौली जाने के लिए कहा गया। खतौली पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर वापस भेज दिया। इसके बाद परिवार ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया। भाई का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अमित की तलाश के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।
परिजनों ने बताया कि अमित की तस्वीर अखबारों और अन्य माध्यमों से सार्वजनिक की जाती तो शायद कोई उसे पहचानकर परिवार तक सूचना पहुंचा सकता था। भाई ने सवाल उठाया कि जब युवक कई दिनों से लापता था तो उसकी तलाश के लिए गंभीरता क्यों नहीं दिखाई गई।
लापरवाही का आरोप (Img : Dynamite News)
इसी बीच गांव के लोगों के जरिए परिवार को सूचना मिली कि भूम्मा चौकी के पास जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान अमित के रूप में की। सूचना मिलते ही मीरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि मीरापुर और बहसूमा थाना क्षेत्र की सीमा के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। सूचना मिलते ही मीरापुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। यह रावटी गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 November 2026, 7:32 PM IST