हिंदी
कब्र खोदकर निकाला गया शव
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जमाल घोंटा (जहरीला पदार्थ) खिलाने से 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जेठवारा थाना क्षेत्र के चमरूपुर पठान गांव में जिलाधिकारी अभिषेक पांडे के निर्देश पर रविवार को कब्र खोदकर मृतक किशोर का शव बाहर निकाला गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय अल्फाज के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के विशेष पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
रविवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। इस दौरान गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के विशेष पैनल ने पोस्टमार्टम किया। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए मृतक के आंतरिक अंगों के नमूने यानी विसरा को सुरक्षित कर लिया गया है। इसे रासायनिक परीक्षण के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
अब फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किशोर की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, बीते 18 अक्टूबर को चमरूपुर पठान गांव में जमाल घोंटा खिलाने के बाद दो सगे भाइयों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। दोनों की हालत गंभीर होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया था।
इस घटना में 14 वर्षीय अल्फाज की मौत हो गई थी, जबकि उसके भाई अफ्फान की इलाज के बाद जान बच गई थी। घटना के बाद से ही किशोर की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे थे।
मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अशफाक अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अब मामले की निष्पक्ष जांच और जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। विसरा रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रतापगढ़ के चमरूपुर पठान गांव में 14 वर्षीय अल्फाज की संदिग्ध मौत के मामले में डीएम अभिषेक पांडे के निर्देश पर कब्र खोदकर शव निकाला गया। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और विसरा जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया। मुख्य आरोपी पहले ही जेल जा चुका है।
Location : Pratapgarh
Published : 22 November 2026, 4:20 PM IST
Topics : body exhumed from grave death of Alfaz Jamal Ghonta case pratapgarh news suspicious death of a teenager