हिंदी
देवरिया में आरोपी गिरफ्तार (Image: X)
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 43 वर्षीय अजय प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय श्रीदेवी सिंह के रूप में हुई है। वह देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर टोला गिदहा का निवासी है।
73 पासपोर्ट बरामद (Image: Dynamite News)
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर बिना वैध लाइसेंस के विदेश भेजने का कार्यालय संचालित करने और लोगों द्वारा विश्वासपूर्वक सौंपे गए पासपोर्ट एवं अन्य अभिलेखों का दुरुपयोग करने का आरोप है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खोराराम रोड पर अमेठी मंदिर के पास ओम साई टेक्निकल टेस्ट सेंटर के नाम से बिना वैध लाइसेंस के विदेश भेजने का कार्यालय संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि यहां विदेश में रोजगार पाने के इच्छुक लोगों को बुलाकर उनके पासपोर्ट, अन्य दस्तावेज और धनराशि ली जाती थी।
इसके अलावा आवेदकों का मेडिकल परीक्षण ऐसी पैथोलॉजी से कराए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली, जो गल्फ हेल्थ काउंसिल (GHC) से अधिकृत रूप से पंजीकृत नहीं हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 73 पासपोर्ट और गैर-GHC मेडिकल रसीदें बरामद की गईं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 0830/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और उत्प्रवास अधिनियम 1983 की धारा 10/24 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बरामद पासपोर्ट और मेडिकल रसीदों से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रविंद्र नाथ चौबे, उपनिरीक्षक सुशांत प्रताप सिंह, महिला उपनिरीक्षक रेखा, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल गुड्डू प्रजापति और कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे।
Location : Deoria
Published : 24 November 2026, 6:47 PM IST