Sultanpur News: गांव में मिले थे गोवंश के अवशेष, तीन दिन बाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

सुलतानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र में गोवंश की हत्या कर अवशेष छोड़े जाने के मामले में पुलिस ने तीन दिन के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गौ रक्षा वाहिनी ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 November 2026, 6:21 PM IST
google-preferred

Sultanpur: बंधुआकला थाना क्षेत्र में गोवंश की हत्या कर अवशेष छोड़े जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 22 नवंबर को हुई घटना के बाद दर्ज मुकदमे की विवेचना में जुटी पुलिस ने तीन दिन के भीतर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. मोईद उर्फ नरई (42) निवासी ककरहवा, थाना कुड़वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने चलाया गिरफ्तारी अभियान

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बंधुआकला पुलिस ने आरोपी को भुलाई का पुरवा मार्ग से कुड़वार-अलीगंज मार्ग के पास गिरफ्तार किया।

22 नवंबर को मिले थे गोवंश के अवशेष

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को ग्राम पूरे बुनियाद सिंह का पुरवा, मजरे ऊंचगांव में गोवंश की हत्या कर अवशेष छोड़े जाने की सूचना मिली थी। मामले में हेड कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 222/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 में मुकदमा दर्ज किया गया था। छानबीन और विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

crime

आरोपी गिरफ्तार

गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुड़वार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 127/2024, आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 169/2026 और गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 395/2021 दर्ज है। इसके अलावा बंधुआकला थाने में दर्ज मौजूदा मुकदमा भी उसके खिलाफ दर्ज मामलों में शामिल है।

गौ रक्षा वाहिनी ने की पुलिस कार्रवाई की सराहना

आरोपी की गिरफ्तारी पर गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जयशंकर दुबे और जिला संयोजक उदय प्रकाश मिश्रा ने पुलिस प्रशासन की सराहना की। पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र प्रताप सिंह को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि गोवंश से जुड़े अपराधों में निष्पक्ष जांच और कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। गोवंश की सुरक्षा प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

तीन सदस्यीय पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्र, कांस्टेबल धर्मेंद्र गुप्ता और कांस्टेबल अनुज सिंह शामिल रहे।

Location :  Sultanpur

Published :  25 November 2026, 6:21 PM IST

Advertisement