हिंदी
नर्सिंग होम (Img : Dynamite News)
बदायूं: अलापुर कस्बे में नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नाजिया नर्सिंग होम में पैर के दर्द की दवा लेने पहुंची महिला की इंजेक्शन लगाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मना करने के बावजूद महिला को इंजेक्शन लगाया गया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, अलापुर कस्बे की रहने वाली तहसीन बानो पत्नी मुहम्मद मियां घर में अचानक फिसलकर गिर गई थीं। जिससे उनके पैर में चोट लग गई थी। शुरुआत में घरेलू उपचार से उन्हें आराम मिल गया। मंगलवार दोपहर अचानक पैर में दर्द बढ़ने पर परिजन उन्हें नाजिया नर्सिंग होम लेकर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, वहां मौजूद व्यक्ति ने महिला को इंजेक्शन लगाने की बात कही। इस पर उन्होंने बताया कि तहसीन बानो पहले से ही शुगर और बीपी की दवाएं ले रही हैं। इसलिए उन्हें इंजेक्शन न लगाया जाए। परिजनों ने सामान्य दवा लिखने का अनुरोध भी किया। आरोप है कि उनकी बात अनसुनी कर इंजेक्शन लगा दिया गया।
बदायूं में दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पहले महिला फिर सात साल के मासूम को उतारा मौत के घाट
आरोप है कि इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा शुरू कर दिया।
परिजन (Img: Dynamite News)
परिजनों का आरोप है कि हंगामा बढ़ते ही इंजेक्शन लगाने वाला व्यक्ति और नर्सिंग होम का स्टाफ मौके से भाग निकला। घटना के बाद परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।
इस घटना के बाद नर्सिंग होम की व्यवस्था और इलाज करने वाले व्यक्ति की योग्यता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इंजेक्शन से ही महिला की मौत होने की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 25 November 2026, 2:40 PM IST