हिंदी
सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका (Img x)
New Delhi: दिल्ली दंगा साजिश मामले में जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से एक बार फिर राहत नहीं मिली है। दोनों की अंतरिम जमानत की उम्मीदों को बुधवार को बड़ा झटका लगा, जब देश की शीर्ष अदालत ने फिलहाल उन्हें जेल से बाहर आने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। अदालत में उनके वकीलों ने लंबी हिरासत का हवाला देकर अंतरिम जमानत की मांग की, लेकिन बेंच ने साफ कहा कि पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा। यानी अभी दोनों को जेल में ही रहना होगा।
बुधवार, 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई हुई। दोनों ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने की। सुनवाई के दौरान उमर खालिद की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे पेश हुए।
दिल्ली दंगा साजिश मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम को हाईकोर्ट से झटका, तीसरी बार ठुकराई जमानत याचिका
सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। अदालत ने पुलिस से दोनों की याचिकाओं पर जवाब मांगा है। इसका मतलब है कि फिलहाल अदालत ने जमानत पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। दोनों की अंतरिम जमानत की मांग भी अभी लंबित है। पुलिस का जवाब आने के बाद अदालत इस मामले में आगे विचार करेगी।
इस सुनवाई का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले को प्रशासनिक स्तर पर मुख्य न्यायाधीश के सामने रखने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य इस मुद्दे पर सुनवाई के लिए तीन जजों की बेंच का गठन करना है। दरअसल, UAPA के मामलों में लंबे समय तक हिरासत और जमानत के कानूनी सिद्धांतों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अलग-अलग फैसलों की व्याख्या का सवाल सामने आया है।
दोनों आरोपियों की तरफ से दाखिल याचिकाओं में लंबे समय से जेल में रहने का मुद्दा उठाया गया है। उनके वकीलों का कहना है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाया है। याचिकाओं में यह भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी 2026 के आदेश में जमानत की मांग दोबारा उठाने के लिए एक साल की अवधि या संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने की शर्त रखी थी।
यह पूरा मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा से जुड़ा है। नागरिकता संशोधन कानून यानी CAA और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर यानी NRC के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने हिंसा के पीछे कथित बड़ी साजिश की जांच शुरू की थी।
Location : New Delhi
Published : 25 November 2026, 1:55 PM IST