हिंदी
अनंत सिंह ने पूरे गांव को बना दिया 'पिंक सिटी' (IMG: Dynamite News)
Patna: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के गांव में इन दिनों ऐसा नजारा है, जिसे देखकर हर किसी की नजरें ठहर जा रही हैं। चारों तरफ गुलाबी सजावट, जगमगाती लाइटें, बड़े-बड़े झूमर और फूलों से सजे आलीशान दरवाजे... पूरा गांव किसी शाही महल से कम नहीं लग रहा। मौका है अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का, जिसके लिए पटना के पास स्थित नदवां गांव को पूरी तरह बदल दिया गया है। गांव की गलियां हों या शादी का मंडप, हर जगह जयपुर की मशहूर पिंक सिटी की झलक दिखाई दे रही है।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के लिए उनके पैतृक गांव नदवां को खास अंदाज में सजाया गया है। गांव में कदम रखते ही सबसे पहले गुलाबी रंग की सजावट और रोशनी से जगमगाते घर नजर आते हैं। घरों के बाहरी हिस्सों से लेकर आसपास के रास्तों तक को शादी के रंग में रंगने की कोशिश की गई है। सजावट की थीम जयपुर की पिंक सिटी पर रखी गई है। इसी वजह से नदवां गांव को मिनी जयपुर जैसा लुक दिया गया है।
इस शादी की सजावट में फूलों को खास जगह दी गई है। घर के मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक फूलों से सजाया जा रहा है। इसके लिए देश ही नहीं, विदेशों से भी फूल मंगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि फूलों की सजावट पर करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। फूलों के जरिए पूरे आयोजन स्थल को खास और भव्य रूप देने की तैयारी है। प्रवेश द्वार से लेकर शादी के मंडप तक फूलों की सजावट मेहमानों के स्वागत और समारोह की खूबसूरती को बढ़ाएगी।
4 लाख मेहमान, 14 हलवाई टीमें और शाही भोज; अनंत सिंह की बेटी की शादी में दिखेगा भव्य आयोजन
शिवांगी की शादी में जयमाला की रस्म के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए एक भव्य स्टेज तैयार किया गया है, जिसकी सजावट में जयपुर की वास्तुकला और वहां के प्रसिद्ध चौक की झलक देने की कोशिश की गई है। स्टेज पर बड़े-बड़े झूमर लगाए गए हैं। इसे तैयार करने के लिए खास तौर पर लखनऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। जयमाला की रस्म ग्राउंड फ्लोर पर होगी, जबकि पहली मंजिल पर ऐसा बैकड्रॉप तैयार किया गया है, जो देखने में किसी बड़ी और आलीशान इमारत जैसा लगता है।
शादी में सिर्फ सजावट और जयमाला की रस्म ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। जयमाला स्टेज के पास ही एक दूसरा मंच बनाया गया है। इस मंच पर कलाकारों, संगीतकारों और गायकों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे शादी में आने वाले मेहमानों को एक ही जगह पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की सुविधा मिलेगी। आयोजन स्थल पर अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि रस्मों और मनोरंजन के कार्यक्रमों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
शादी की तैयारियों के बीच आयोजन स्थल पर एक बड़ी चुनौती भी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले तक यहां की जमीन पर कीचड़ और पानी जमा था। ऐसे में शादी में आने वाले मेहमानों की आवाजाही मुश्किल हो सकती थी। इसके बाद आयोजन स्थल को व्यवस्थित करने के लिए मिट्टी और बालू डाली गई। जमीन को समतल किया गया और आने-जाने के लिए रास्ते तैयार किए गए। अब वहां लोगों के चलने-फिरने लायक व्यवस्था बना दी गई है।
बेटी की शादी को लेकर अनंत सिंह भी आयोजन की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहे हैं। मंडप से लेकर जयमाला स्टेज, फूलों की सजावट और मेहमानों के इंतजाम तक हर चीज को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजन स्थल पर तैयारियों को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांव के अलग-अलग हिस्सों को सजाने के साथ शादी के मुख्य कार्यक्रम स्थल को भी खास अंदाज में तैयार किया गया है।
Location : Patna
Published : 25 November 2026, 1:29 PM IST