हिंदी
हेलीकॉप्टर से हुई फूलों की बारिश (Image Source: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पहली बार हेलीकॉप्टर से गंगा घाट पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। महर्षि भृगु मंदिर, बाबा बालेश्वर मंदिर और संगम तट पर आसमान से गुलाब और गेंदा के फूलों की बारिश होते देख श्रद्धालु खुशी से झूम उठे। इस दौरान 'हर-हर गंगे' के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर आसमान की ओर देखा और इस यादगार पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। कई श्रद्धालुओं ने आसमान से बरसे फूलों को प्रसाद समझकर अपने सिर पर रखा और उन्हें अपने घर भी ले गए। पुष्पवर्षा के लिए पश्चिम बंगाल से पांच कुंतल फूल मंगाए गए थे।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के ऊपर पुष्पवर्षा करने के लिए मंगलवार सुबह पटना से हेलीकॉप्टर बलिया पहुंचा। सुबह करीब 9:30 बजे हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन के मैदान में उतरा। इसके बाद फूल लेकर नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष संतकुमार उर्फ मिठाई लाल के भाई विनोद कुमार और पुत्र अभिषेक आनंद बंटी हेलीकॉप्टर में सवार होकर रवाना हुए।
Kanpur Dev Deepawali: धरती पर दीपों की जगमगाहट, आसमान में आतिशबाजी; कानपुर में दिखा अद्भुत नजारा
हेलीकॉप्टर से महर्षि भृगु मंदिर, बाबा बालेश्वर मंदिर और संगम तट पर मौजूद श्रद्धालुओं के ऊपर गुलाब और गेंदा के फूल बरसाए गए। आसमान से अचानक फूलों की बारिश होते देख श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे लोगों ने भी पुष्पवर्षा के दौरान हर-हर गंगे के जयकारे लगाए। दो बार उड़ान भरकर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करने के बाद हेलीकॉप्टर वापस पटना चला गया।
नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष संतकुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करने के लिए उन्होंने अपने निजी खर्च से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की थी। इस आयोजन के लिए विशेष रूप से बंगाल से पांच कुंतल फूल मंगाए गए थे।
उन्होंने बताया कि पुष्पवर्षा के आयोजन में डीएम, एसपी, सीओ लाइन समेत सभी अधिकारियों का पूरा सहयोग मिला। अध्यक्ष ने कहा कि नगर में फूलों की बारिश कराने की उनकी काफी दिनों से इच्छा थी, जो महर्षि भृगु की कृपा से पूरी हुई है।
प्रतापगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, तीन घायल
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। आसमान से गिरते फूलों को देखकर श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़ लिए। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जबकि कुछ श्रद्धालु फूलों को प्रसाद के रूप में अपने साथ घर ले गए।
कार्तिक स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्होंने हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश का ऐसा नजारा पहली बार देखा है। श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था, जैसे देवता स्वयं उन पर फूल बरसा रहे हों।
Location : Ballia
Published : 25 November 2026, 12:17 AM IST