Ballia: सायरन बजते ही नवीन मंडी में ब्लैकआउट, आग-भूकंप और हवाई हमले से बचाव का अभ्यास

बलिया की नवीन मंडी समिति तीखमपुर में रविवार शाम आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में आगजनी, भूकंप और हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। सायरन बजने से लेकर राहत-बचाव और घायलों के उपचार तक की तैयारियां परखी गईं। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी डॉ. ईराज राजा ने अभ्यास के दौरान विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 23 November 2026, 12:28 AM IST
google-preferred

Ballia: आगजनी, भूकंप और दुश्मन के हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम नवीन मंडी समिति तीखमपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। 22 नवंबर को शाम छह बजे शुरू हुए इस अभ्यास में सायरन बजते ही लाइटें बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की मौजूदगी में प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। अलग-अलग आपात परिस्थितियों का कृत्रिम माहौल तैयार कर विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा गया।

आग लगने पर फंसे लोगों को निकालने का किया अभ्यास

मॉक ड्रिल के पहले चरण में नवीन मंडी समिति परिसर के एक भवन में आग लगने का परिदृश्य तैयार किया गया। इसकी सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई का अभ्यास किया। इसके साथ ही भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

Deoria Fire: रुद्रपुर ब्लॉक कार्यालय में अचानक भड़की आग, धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी

इस अभ्यास के जरिए आगजनी जैसी स्थिति में अग्निशमन दल और संबंधित विभागों की तत्परता को परखा गया। इसके बाद भूकंप की स्थिति दर्शाने के लिए सायरन बजाया गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, खुले मैदान में एकत्र होने और अफरातफरी से बचने का अभ्यास कराया गया।

Ballia2

बलिया में प्रशासन ने किया मॉक ड्रिल (Image Source: Dynamite News)

भूकंप और हवाई हमले की स्थिति में बनाया ब्लैकआउट

मॉक ड्रिल के अगले चरण में भूकंप के दौरान बचाव की प्रक्रिया के साथ जिला अस्पताल की तैयारियों को भी परखा गया। घायलों के उपचार, एंबुलेंस और आपात चिकित्सा सेवाओं की तत्परता का अभ्यास कराया गया, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को जांचा जा सके।

इसके बाद दुश्मन के हवाई हमले की आशंका को लेकर सायरन बजाया गया और ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान अनावश्यक प्रकाश स्रोतों को बंद कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का अभ्यास कराया गया। आवश्यक सेवाओं को चालू रखने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की भी जांच की गई। वहीं पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालने का अभ्यास किया।

Agra: ताजमहल में पर्यटकों और CISF के बीच मारपीट, वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

डीएम-एसपी ने बताई मॉक ड्रिल की अहमियत

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और आपसी समन्वय की वास्तविक स्थिति को परखना है। आगजनी या अन्य आपात घटनाओं में घायलों को तत्काल सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना और समय रहते राहत-बचाव कार्य शुरू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से विभागों की तैयारियों की समीक्षा के साथ आमजन को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस और अन्य विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय तथा जनसहयोग के स्तर को परखा गया, ताकि वास्तविक आपदा के समय प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके। अभ्यास के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Ballia

Published :  23 November 2026, 12:27 AM IST

Advertisement