हिंदी
यूपी चुनाव के लिए सपा की पहली लिस्ट जारी (Image Source: AI)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। मंगलवार देर रात सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने सहारनपुर की दो सीटों के अलावा शामली, अमरोहा और ललितपुर की एक-एक विधानसभा सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान' का चुनावी नारा भी दिया है। पहली सूची के जरिए पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट (01) से उमर अली खान को एक बार फिर प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, सहारनपुर विधानसभा सीट (04) से आशु मलिक पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है।
प्रतापगढ़ के गंगा एक्सप्रेसवे पर हैरान कर देने वाला हादसा, कार से टकराकर पलटा ट्रक
इसके अलावा शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट (08) से नाहिद हसन को चुनावी मैदान में उतारा गया है। नाहिद हसन कैराना से सांसद इकरा हसन के भाई हैं। अमरोहा जिले की अमरोहा विधानसभा सीट (41) से महबूब अली को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, बुंदेलखंड के ललितपुर जिले की ललितपुर विधानसभा सीट (226) से ज्योति लोधी को समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
https://t.co/dYvLhbwdVX
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 24, 2026
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के साथ ही अपना चुनावी नारा भी जारी किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रत्याशियों की पहली सूची साझा करते हुए लिखा, 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान'।
अखिलेश यादव के हस्ताक्षर से जारी प्रत्याशियों की सूची के शीर्ष पर भी यही नारा लिखा गया है। पहली सूची में शामिल पांच विधानसभा सीटों में से चार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं, जबकि एक सीट बुंदेलखंड की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, शामली और अमरोहा जिलों को जगह दी गई है, जबकि बुंदेलखंड से ललितपुर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया गया है।
समाजवादी पार्टी की पहली सूची में दो ऐसी विधानसभा सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारना चाहती थी। कांग्रेस ने इससे पहले 181 उम्मीदवारों की जो सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी थी, उसमें बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीटों का नाम भी शामिल था।
वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। अब पार्टी ने बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सपा की ओर से इन दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान ऐसे समय में किया गया है, जब कांग्रेस भी इन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की इच्छा जता चुकी है।
Location : Saharanpur
Published : 24 November 2026, 10:52 PM IST