हिंदी
दो दिन की बैठक के बाद अखिलेश का बड़ा बयान (Image Source: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर दिल्ली में मंगलवार को भी लगातार दूसरे दिन बैठक हुई। इस बैठक में दोनों दलों द्वारा नियुक्त नेताओं ने भाग लिया और सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत हुई। हालांकि, सीट शेयरिंग को लेकर क्या फाइनल हुआ, यह अभी तक सामने नहीं आ सका है लेकिन अब इस बारे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने जरूर आया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार शाम को अबसे थोड़ी देर पहले कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट की। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि “जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात”।
अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का ऑफर (Image Source: X)
ये भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो होगा यूपी का समग्र विकास: सांसद नीरज मौर्य
अखिलेश यादव के इस बयान से साफ हो गया है कि समाजवादी पार्टी ने दो दिन की शुरूआती बैठक और बातचीत में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 26 सीटों पर लड़ने का ऑफर दिया है। आज सुबह भी सपा की ओर से इस तरह के अपुष्ट बयान सामने आये थे कि कांग्रेस को 26 सीटें दी गई हैं। लेकिन अब पार्टी प्रमुख की इस पोस्ट से 26 सीटें देने का दावा लगभग पुष्ट हो गया है।
अखिलेश यादव के इस बयान से यह भी साफ है कि उत्तर प्रदेश में सियासी जमीन खो चुकी कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ज्यादा सीटें देने के मूड़ में नहीं है। सपा अपनी ही शर्तों पर कांग्रेस को सीट देने की इच्छुक है।
माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने जो 26 सीटें कांग्रेस को ऑफर की हैं, उनमें वो सीटें और क्षेत्र शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के साथ लड़कर 6 संसदीय सीटें जीतीं थीं। इस सीटों में कांग्रेस की पारंपरिक सीट और क्षेत्र रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर भी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य वो सीटें हैं, जहां कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव जीता।
यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर खींचतान (Image Source: X)
ये भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर समाजवादी पार्टी का पोस्टर वॉर, कहा- मायावती की तरह होगा दोनों का हाल
बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2022 में हुए चुनाव में कांग्रेस और सपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। तब कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामने करना पड़ा और कांग्रेस 403 विधान सभा सीट वाले उत्तर प्रदेश में केवल 2 सीटें जीत सकी, जिसमें प्रतापगढ़ और महराजगंज जनपद की एक-एक विधानसभा सीट शामिल हैं।
हालांकि यह भी माना जा रहा है कि अभी सपा की ओर से मिले 26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस की ओर कोई मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी और दोनों दलों के बीच सीटों का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।
Location : Lucknow
Published : 24 November 2026, 9:05 PM IST