’15 नहीं, 20-21 साल का है वैभव’, पाकिस्तानी क्रिकेटर तनवीर अहमद ने किया बेतुका दावा

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने सवाल उठाए हैं। तनवीर का दावा है कि 15 साल का बल्लेबाज 28 छक्के नहीं लगा सकता। हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई भी ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 November 2026, 4:28 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोर रहे भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी के बाद पाकिस्तान से विवादित बयान सामने आया है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि वह 15 साल के नहीं, बल्कि 20 या 21 साल के हो सकते हैं।

तनवीर का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में वैभव ने यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रनों की तूफानी पारी खेली है। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए।

वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर तनवीर अहमद ने उठाए सवाल

सोशल मीडिया पर एक टीवी चैनल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की उम्र को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

तनवीर अहमद ने कहा, 'वह 15 साल का तो बिल्कुल नहीं है, कम से कम 20-21 साल का है। उसकी वजह यह है कि कोई कितना भी बड़ा टैलेंट क्यों न हो, 15 साल का बच्चा ऐसे 28 छक्के नहीं मार सकता।'

उन्होंने आगे कहा कि इतनी कम उम्र के बच्चे का बल्लेबाजी का बेस इतना मजबूत नहीं हो सकता और न ही उसकी बाजुओं में इतनी ताकत हो सकती है। तनवीर ने कहा कि वह यह मानने को तैयार नहीं हैं कि वैभव की उम्र 15 साल है।

हालांकि, तनवीर अहमद ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया है।

कलाई की जांच कराने को लेकर भी हुई चर्चा

टीवी कार्यक्रम के दौरान जब एंकर ने वैभव सूर्यवंशी की कलाई का टेस्ट कराने की बात कही, तो तनवीर अहमद ने इस पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि टेस्ट करा लिया जाए, लेकिन वह यह मानने को तैयार नहीं हैं कि भारतीय बल्लेबाज की उम्र 15 साल है।

तनवीर अहमद का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। पाकिस्तान-ए ने ग्रुप स्टेज में इंडिया-ए को हराया था। ऐसे में दोनों टीमों के बीच फाइनल में एक बार फिर मुकाबला होने की संभावना बनी हुई है।

53 गेंदों में 204 रन, वैभव ने लगाए 28 छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को यूएई के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने महज 53 गेंदों का सामना करते हुए 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले।

यूएई ने इंडिया-ए के सामने जीत के लिए 250 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने महज 14.2 ओवर में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

इस शानदार जीत के साथ इंडिया-ए ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। एक तरफ वैभव की ऐतिहासिक पारी चर्चा में है, तो दूसरी तरफ तनवीर अहमद का उनकी उम्र को लेकर दिया गया बयान विवादों में आ गया है।

Location :  New Delhi

Published :  25 November 2026, 4:28 PM IST

Advertisement